जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : सामाजिक संस्था एक्शन फॉर ह्यूमन एक्सेलेंस एंड डेवलोपमेन्ट की ओर से सिद्धबली मंदिर परिसर में गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस दौरान 20 से अधिक दिव्यांग बच्चों को कंबल वितरित किए गए। कंबल पाकर बच्चों के चेहरे खिले हुए नजर आए। संस्था की इस पहल से बच्चों के चेहरों पर मुस्कान आई और समाज में सकारात्मक संदेश गया।
शुक्रवार को आयोजित गोष्ठी में वक्ताओं ने कहा कि संस्था पिछले कई वर्षों से शिक्षा, स्वास्थ्य और समाज सेवा के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है और हर वर्ष असहाय व जरूरतमंदों की मदद के लिए अभियान चलाती है। इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष डॉ. धीरेंद्र कुमार ने कहा कि दिव्यांग बच्चों की मुस्कान ही हमारी असली पूंजी है। संस्था का यह छोटा सा प्रयास है और समाज के हर वर्ग को आगे आकर इन बच्चों का हाथ थामना चाहिए। बच्चों के परिजनों ने संस्था के इस मानवीय कार्य की सराहना करते हुए कहा कि संस्था लंबे समय से नि:स्वार्थ भाव से समाज की सेवा कर रही है। गोष्ठी का संचालन प्रमोद कुमार चौधरी ने किया। कार्यक्रम में प्रमोद कुमार चौधरी, राजेंद्र सिंह पाल, श्रीमती गीता सिंह, श्रीमती सरोज खेतवाल, राजेश रावत, डॉ. रमाकांत कुकरेती आदि उपस्थित रहे।