प्रांतीय सम्मेलन को सफल बनाने के लिए पूर्व सैनिकों से एकजुट होने का आह्वान

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद की मासिक बैठक में आगामी प्रांतीय वार्षिक सम्मेलन की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि सम्मेलन को सफल बनाने के लिए प्रत्येक पूर्व सैनिक की सक्रिय भागीदारी और जिम्मेदारी आवश्यक है।


घमंडपुर स्थित एक बारातघर में आयोजित बैठक की अध्यक्षता परिषद के संरक्षक कैप्टन जीएम धस्माना ने की। महासचिव सूबेदार मेजर सतीश जोशी ने बैठक के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कार्यकारिणी एवं सदस्यों से सम्मेलन की तैयारियों में सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह किया। परिषद के अध्यक्ष सूबेदार मेजर कुलदीप सिंह रावत ने संगठन की गतिविधियों और आगामी कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि छह सितंबर को कोटद्वार में प्रस्तावित प्रांतीय वार्षिक सम्मेलन संगठन के लिए विशेष महत्व रखता है। उन्होंने कहा कि सम्मेलन को सफल बनाने के लिए सभी पूर्व सैनिकों को संगठित होकर अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना होगा। प्रांतीय सचिव कैप्टन सीपी डोबरियाल ने कहा कि सम्मेलन संगठन की मजबूती और पूर्व सैनिकों के बीच समन्वय बढ़ाने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने अधिक से अधिक पूर्व सैनिकों से सम्मेलन में सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की। बैठक में कोषाध्यक्ष सूबेदार रविंद्र सिंह, कैप्टन गबर सिंह, कैप्टन हंसवंत सिंह बिष्ट, राकेश देवरानी, हरीश कुकशाल सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *