चेकिंग अभियान में कार और बुलेट सीज

Spread the love

रुद्रपुर()। एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी के निर्देशन में किच्छा और पुलभट्टा पुलिस टीम ने मंगलवार रात रेलवे स्टेशन, रोडवेज बस स्टैंड और शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने कई संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की। एसपी सिटी नेगी ने कहा कि किसी भी नागरिक को यदि किसी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी मिलती है तो वह तुरंत पुलिस को सूचित करे। अभियान के तहत पुलिस टीम ने रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के सामान की चेकिंग की और ट्रेन से उतरने वाले यात्रियों की भी गहन जांच की। पुलिस ने मुख्य बाजार, चौक-चौराहों और बस स्टैंड पर मौजूद लोगों तथा रोडवेज बसों में सफर कर रहे यात्रियों के सामान की भी तलाशी ली।
अचानक हुई इस कार्रवाई से शहर में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने कई दोपहिया वाहनों को सीज किया और कई का चालान काटा। चेकिंग के दौरान एक नाबालिग को कार चलाते पकड़ा गया, जिस पर वाहन सीज कर सख्त चेतावनी दी गई। वहीं तेज आवाज वाले रेट्रो साइलेंसर का उपयोग करने पर एक बुलेट बाइक भी सीज की गई।
वाहनों की चेकिंग के दौरान कागजात सत्यापित किए गए। कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर कोतवाली ले जाया गया, जहां पूछताछ के बाद उन्हें छोड़ दिया गया। एसपी सिटी ने बताया कि सुरक्षा कारणों से भीड़भाड़ वाले इलाकों में यह सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस टीम में सीओ भूपेन्द्र सिंह धौनी, एसएसआई राजेंद्र प्रसाद सहित किच्छा व पुलभट्टा पुलिस के जवान शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *