सीडीओ व सीएओ ने की शारीरिक दूरी व मास्क का प्रयोग करने की अपील
रुद्रप्रयाग। कोरोना महामारी के प्रति जिले में विभागीय अधिकारी लगातार लोगों को जागरूक करते आ रहे है। इसी कड़ी में सीडीओ व सीएओ ने आम जनता से महामारी से बचने के लिए शारीरिक दूरी व मास्क का प्रयोग करने की अपील की है। मुख्य विकास अधिकारी भरत चंद्र भट्ट ने कहा कि जब तक इस संक्रमण की वैक्सीन नहीं बन जाती, तब तक सभी को जागरुक रहना होगा। जनपद में कोरोना की स्थिति बेशक नियंत्रण में है, लेकिन सरकार द्वारा जारी गाइडलाइंस का पालन करते हुए सतर्कता बरतने की जरूरत है। मौसम परिवर्तन व गिरते तापमान के कारण संक्रमण के सक्रिय होने की संभावना है। इसके अलावा त्योहारी सीजन में सभी को मास्क का उपयोग व शारीरिक दूरी का पालन करने की आवश्यकता है। वहीं मुख्य कृषि अधिकारी एसएस वर्मा ने बताया कि फसल बीमा की बैठक में सभी कर्मचारियों को जनपद के अंतर्गत न्याय पंचायत स्तर पर शारीरिक दूरी का पालन करते हुए ही विभागीय गतिविधियां संचालित करने के आदेश दिए गए हैं। कार्यालय में कर्मचारी अनिवार्य रूप से मास्क व सैनिटाइजर का उपयोग कर कार्यों का संपादन कर रहे हैं।