देवसंस्कृति विश्वविद्यालय पहुंचे मुख्यमंत्री धामी, प्रज्ञेश्वर महादेव में की विशेष पूजा

Spread the love

हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रविवार को देवसंस्कृति विश्वविद्यालय शांतिकुंज पहुंचे और आध्यात्मिक कार्यक्रमों में सहभागिता की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश एवं राष्ट्र की समृद्धि एवं लोक-कल्याण की कामना की। शांतिकुंज आगमन पर देव संस्कृति विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति डॉ. चिन्मय पंड्या ने सीएम का स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने प्रज्ञेश्वर महाकाल मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की और शौर्य दीवार पर राष्ट्र के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने देव संस्कृति विश्वविद्यालय में आयोजित यज्ञीय कार्यक्रम में भाग लेते हुए वैदिक मंत्रोच्चार के मध्य राष्ट्र की उन्नति एवं विश्व शांति के लिए आहुतियां दीं। उन्होंने विश्वविद्यालय परिसर में संचालित विभिन्न सेवा प्रकल्पों का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री धामी ने कहा शांतिकुंज आधुनिक शिक्षा एवं प्राचीन ऋषि परंपरा का अद्भुत संगम है। उन्होंने गायत्री परिवार की ओर से संचालित व्यसन मुक्ति एवं संस्कार निर्माण अभियानों की सराहना करते हुए इसे ‘विकसित भारत’ के संकल्प की सिद्धि में एक महत्वपूर्ण आधार बताया। मुख्यमंत्री ने संस्था की अधिष्ठात्री शैलदीदी से भेंटकर आशीर्वाद लिया और विभिन्न विषयों पर मार्गदर्शन पाया। उन्होंने मुख्यमंत्री को गायत्री महामंत्र लिखित चादर, युग साहित्य आदि भेंट किया। इस अवसर पर महिला मंडल प्रमुख शैफाली पंड्या सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *