जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : लगातार शिकायत के बाद भी क्षेत्र का बेहतर विकास नहीं होने पर नागरिक मंच ने नाराजगी व्यक्त की है। कहा कि जनप्रतिनिधियों को क्षेत्र के बेहतर विकास के लिए गंभीरता से कार्य करना चाहिए। शहरवासियों की अनदेखी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मंगलवार को मंच की बैठक आयोजित की गई। मंच के अध्यक्ष चंद्रप्रकाश नैथानी ने कहा कि विधानसभा कोटद्वार में विकास कार्य अधर में लटके हुए है। नगर निगम में संचालित पुस्तकालय व वाचनालय बंद पड़े हुए है, निराश्रित गोवंश अभी भी सड़कों पर घूम रहा है। पनियाली गदेरे से अतिक्रमण भी नहीं हटाया गया है। कहा कि देवीरोड की तरफ जाने वाली सड़क के किनारे बनी नाली में सही प्रकार से स्लैब नहीं डाले जा रहे है। जिसके कारण सड़क का सारा कूड़ा कचरा नाली में बह रहा है। कहा कि क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं का भी अभाव बना हुआ है। पानी की पाइप लाइनों के लिए खोदी जा रही सड़कों को ठीक नहीं करवाया जा रहा है, जो कि दुर्घटनाओं को न्योता दे रहे है। उन्होंने शासन-प्रशासन से अधूरे विकास कार्यों को पूरा किए जाने की मांग की है। इस मौके पर अतुल भट्ट, राजेंद्र पंत, अनिली नवानी, राजेंद्र सिंह नेगी, चित्रमणि देवलियाल, इंद्रमणि देवरानी, राकेश लखेड़ा, दिनेश जुयाल मौजूद रहे।