कोटद्वार-पौड़ी

सिटी बसों के लिए अभी करना होगा इंतजार

Spread the love
जयन्त प्रतिनिधि। 
कोटद्वार। कोटद्वार नगर निगम की जनता को शहर से भाबर व सनेह के लिए सिटी बसों के लिए अभी इंतजार करना पड़ेगा। क्योंकि निगर की ओर से अभी सिटी बस चलाने की कोई भी तैयारी नहीं की गई है। करीब डेढ़ वर्ष पूर्व नगर निगम की बोर्ड बैठक् में सिटी बस चलाने का प्रस्ताव पारित किया गया था, लेकिन सिटी बस का संचालन सपना ही रह गया है। इस स्थिति में भाबर व सनेह के लोग अन्य साधनों से आवागमन करने को मजबूर है। अगर उक्त क्षेत्रों के लिए सिटी बसों का संचालन शुरू हो जाएगा तो जनता को काफी राहत मिल सकती है।
सनेह क्षेत्र और भाबर क्षेत्र में हजारों लोग निवास करते है। इन दोनों क्षेत्रों से यातायात के लिए साधन बहुत कम है। अधिकांश आबादी ऑटो से ही आवाजाही कर रही है। जनता पिछले काफी समय से उक्त क्षेत्रों के लिए सिटी बस चलाने की मांग कर रही है। जून 2019 में निगम की बोर्ड बैठक में इसके लिए प्रस्ताव भी पारित हुआ था। शहर से सनेह क्षेत्र के लिए एक और भाबर के लिए बसों के संचालन का प्रस्ताव बोर्ड बैठक में पास किया गया, लेकिन अभी तक निगम बस का संचालन नहीं करा पाया है। नतीजा इन क्षेत्रों के लोगों को यातायात साधनों के लिए इधर-उधर भटकना पड़ता है। यहां के लोग ऑटो से आवाजाही करने को मजबूर है। ऑटो चालक भी लोगों से मनमर्जी का किराया वसूलते है। सिटी बस संचालन के लिए दो मार्ग पूर्व में चयनित किए गए थे। इनमें एक मार्ग लालबत्ती से सनेह व दूसरा मार्ग लालबत्ती से भाबर के लिए था। हालांकि मार्ग चयनित किए जाने के बावजूद कोई कार्रवाई आगे नहीं बढ़ पाई। साधनों की बात करें तो वर्तमान में कोटद्वार से भाबर व सनेह के लिए प्रतिदिन तिपहिया वाहन (ऑटो) संचालित होते हैं। भाबर क्षेत्र के लिए करीब 250 व सनेह क्षेत्र के लिए करीब 50 ऑटो संचालित होते हैं। भाबर के झंडीचौड़ का किराया 30 रुपये व सनेह का किराया 20 रुपये लिया जाता है। बसों की बात करें तो कोटद्वार से झंडीचौड़ के लिए परिवहन निगम के कोटद्वार डिपो से एक बस संचालित होती है। इसके अलावा जीएमओयू की हरिद्वार बस सेवाएं भी भाबर क्षेत्र से होकर गुजरती हैं। लेकिन यह भाबर की आबादी के हिसाब से पर्याप्त नहीं है।
नगर निगम कोटद्वार के नगर आयुक्त पीएल शाह का कहना है कि वर्तमान में कोविड-19 का कार्य चल रहा था, इसलिए सिटी बस लगाना औचित्यपूर्ण नहीं था। विचार कर रहे थे कि बोर्ड में सिटी बस चलाने का प्रपोजल लायेगें, लेकिन कोविड का प्रकोप ज्यादा बढ़ रहा है। जब तक कोविड कंट्रोल नहीं हो जाता है तब तक सिटी बस चलाना जोखिम भरा हो सकता है। कोविड का प्रकोप कम होने पर सिटी बस चलाने पर विचार किया जाएगा। नगर आयुक्त ने बताया कि अभी फिलहाल नगर निगम के पास इतना पैसा नहीं है कि वह अपनी बसें खरीद सकें। प्रयास करेगें कि बस खरीदने के लिए कहीं से बजट की व्यवस्था हो जाये।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!