कोटद्वार-पौड़ी

पार्किंग का इंतजार, जाम हो रही शहर की सड़कें

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

कोटद्वार में पार्किंग नहीं होने से बिगड़ी यातायात व्यवस्था
शिकायत के बाद भी जिम्मेदार सिस्टम नहीं दे रहा ध्यान
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : शहर की मुख्य सड़कों पर बनी अवैध पार्किंग व वाहनों का लगातार बढ़ता दबाव यातायात व्यवस्था पर भारी पड़ रहा है। राष्ट्रीय राजमार्ग के साथ ही अन्य संपर्क मार्गों पर पूरे दिन जाम की स्थिति बनी रहती है। आए दिन बढ़ रही समस्या के बाद भी सरकारी सिस्टम लापरवाह बना हुआ है। शहर में जाम का एक कारण अतिक्रमण भी बन है। अव्यवस्थाओं के कारण आमजन का सड़क पर पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है।
कोटद्वार को गढ़वाल का द्वार कहा जाता है। मैदान से पहाड़ को जोड़ने वाले इस शहर की सड़कों पर यातायात का ज्यादा दबाव रहता है। प्रतिदिन मैदान से सैकड़ों वाहन कोटद्वार से होते हुए गढ़वाल के लिए निकलते हैं। शहर का दुर्भाग्य है कि आज तक यहां पार्किंग की व्यवस्था नहीं बनाई गई। शहरवासियों के साथ ही बाहरी राज्यों से आने वाले पर्यटकों को सड़क पर ही अपने वाहन खड़े करने पड़ते हैं। स्थानीय लोग कई बार नगर निगम व पुलिस अधिकारियों के समक्ष पार्किंग की समस्या को रख चुके हैं। पुलिस की ओर से हर बार इस संबंध में नगर निगम से वार्ता करने का आश्वासन दिया जाता है। जबकि, नगर निगम की ओर से पार्किंग के लिए नजीबाबाद रोड गाड़ीपड़ाव व मालवीय उद्यान के आसपास व्यवस्था बनाने की बात कही जाती है। हकीकत में बैठकों के अलावा धरातल पर कभी भी योजना को उतारने के प्रयास नहीं किए गए। नतीजा जाम व अतिक्रमण के कारण आमजन की समस्याएं बढ़ती जा रही हैं।

सड़क पर चल रहा गैराज
कोटद्वार शहर में अतिकांश इलाकों में सड़क पर ही वाहन मरम्मत का कार्य किया जा रहा है। ऐसे में पैदल चलने वाले लोगों को सबसे अधिक परेशानी होती है। बीच सड़क से होकर गुजरने वाले लोगों को हर समय सड़क दुर्घटनाओं का अंदेशा बना रहता है। समस्या की जानकारी होने के बाद भी जिम्मेदार सिस्टम मौन बैठा हुआ है।

रेहड़ी-ठेली बन रही परेशानी
शहर में रेहड़ी-ठेली वालों के लिए नजीबाबाद रोड स्थित गाड़ीपडाव में व्यवस्था बनाई गई है। बावजूद इसके वह पूरे दिन शहर की सड़कों पर घूमते रहते हैं। नगर निगम व पुलिस की ओर से खानापूर्ति के लिए माह में एक बार अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाता है। जबकि, रेहड़ी-ठेली वाले शहर की सड़कों पर अपना कब्जा जमाए हुए हैं।

शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसके लिए बकायदा समय-समय पर अतिक्रमण के खिलाफ भी अभियान चलाया जाता है। जल्द ही पार्किंग की व्यवस्था बनाने पर भी कार्य किया जाएगा।
…मनीषा जोशी, अपर पुलिस अधीक्षक, कोटद्वार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!