ऋषिकेश। नगर निगम प्रशासन की ओर से शुक्रवार को गंगा घाटों पर सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान करीब दस कुंतल कचरा एकत्र कर श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक भी किया गया। शुक्रवार को त्रिवेणीघाट से शुरू हुए सफाई अभियान में मेयर शंभू पासवान शामिल हुए। उन्होंने पर्यावरण मित्रों, त्रिवेणी सेना की महिलाओं और स्थानीय लोगों के साथ गंगाघाटों पर फैला कूड़ा-कचरा हटाया। गंगा तट पर भी प्लास्टिक के रेपर आदि को साफ किया। कहा कि स्थानीय लोगों को इस तरह के अभियान में जुटना चाहिए। उन्होंने नगर को साफ-सुथरा रखने में यहां के वासियों की महत्वपूर्ण भूमिका पर भी जोर दिया। वहीं, सुबह दस लेकर दोपहर करीब 12 बजे तक चले अभियान में जमा कचरे को निस्तारण के लिए भेजा गया। नगर आयुक्त गोपाल राम बिनवाल ने बताया कि इस तरह के अभियानों के माध्यम से लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा रहा है। सार्वजनिक स्थल पर इस तरह की गंदगी न सिर्फ शहर को बदरंग करती है, बल्कि नदियों तक पहुंचने के बाद यह जलीय जीवन को भी प्रभावित करती है। अभियान में नगर निगम की ब्रांड एंबेसडर नीरजा गोयल, स्वच्छता चैंपियन ओमप्रकाश गुप्ता, श्यामलाल, राजेश, राजीव लोचन, अभिषेक मल्होत्रा, सुभाष सेमवाल आदि शामिल रहे।