बिग ब्रेकिंग

सीएम ने गौचर में किया 400.39 करोड़ के विकास कार्यों का लोकापर्ण एवं शिलान्यास

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

नंदा-गौरा महोत्सव में सीएम ने किया कन्या पूजन
जयन्त प्रतिनिधि।
चमोली : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वृहस्पतिवार को महिला सशक्तिकरण के अंतर्गत चमोली जिला प्रशासन द्वारा गौचर में आयोजित ‘नंदा-गौरा’ महोत्सव में शिरकत की। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी मातृशक्ति प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिए गए आत्मनिर्भर भारत और वोकल फॉर लोकल’’ के मंत्र को धरातल पर उतारने का काम कर रही हैं। मातृ शक्ति के सहयोग से ही हमारा राष्ट्र उन्नति के नए शिखर को छू रहा है। इस दौरान सीएम धामी ने कन्या पूजन, पहाड़ी उत्पादों का अवलोकन के साथ ही सीमांत जनपद चमोली में 400.39 करोड़ की 604 विकास योजनाओं का लोकापर्ण एवं शिलान्यास कर बड़ी सौगात दी।
मुख्यमंत्री ने गौचर मेला मैदान में चमोली जिला प्रशासन द्वारा मातृशक्ति वंदन के अंतर्गत आयोजित नंदा-गौरा महोत्सव का दीप प्रज्जवलित कर शुभांरभ किया। इस मौके पर उन्होंने देवी शक्ति स्वरूप 9 कन्याओं का पूजन, महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा लगाए गए पहाड़ी उत्पादों का अवलोकन किया और उनके कार्यों की सराहना की। नंदा-गौरा महोत्सव को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मां नन्दा चमोली जिले के साथ ही पूरे गढ़वाल और कुमांऊ मंडल में अधिष्ठात्री देवी के रूप में पूजनीय है। मां नंदा को हम ध्यांण मानते है और एक विवाहित बेटी के रूप में मां नंदा की कैलाश विदाई के लिए हर साल सिद्वपीठ कुरूड़ से लोकजात यात्रा और 12 वर्षों में राजजात यात्रा आयोजित की जाती है। जबकि गौरा देवी पर्यावरण संरक्षण को लेकर विश्व विख्यात चिपको आंदोलन की अगुवा रही है। उन्होंने कहा कि यह बद्रीनाथ की पावन भूमि है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार मातृशक्ति के उत्थान को समर्पित सरकार है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में सरकार लगातार महिलाओं के कल्याण हेतु विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर रही है।ो कहा कि उत्तराखंड में यूसीसी को पारित कर जनता से किया वादा उन्होंने पूरा किया है। कहा कि समान नागरिक संहिता किसी जाति, धर्म-समुदाय के लिए न होकर पूरे राज्यवासियों के हितों के लिए है। समान नागरिक संहिता को देश की महिलाओं के विकास में मील का पत्थर साबित होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि मातृ शक्ति के सहयोग के बिना किसी भी समाज या किसी भी राष्ट्र का संपूर्ण विकास नहीं हो सकता। आज प्रदेश के दुर्गम गांव-गांव में महिलाएं सेल्फ हेल्प ग्रुप बनाकर कुटीर उद्योगों के जरिए ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति प्रदान कर रही हैं। महिलाओं के पास कौशल की कभी कोई कमी नहीं रही और अब यही कौशल उनकी आर्थिकी को शक्ति प्रदान कर रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 30 प्रतिशत आरक्षण देने के साथ ही मुख्यमंत्री नारी सशक्तिकरण योजना, मुख्यमंत्री महालक्ष्मी योजना, लखपति दीदी योजना, मुख्यमंत्री आंचल अमृत योजना, मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, मुख्यमंत्री अल्पसंख्यक मेधावी योजना, नंदा गौरा मातृवंदना योजना और महिला पोषण अभियान जैसी योजनाएं प्रारंभ की हैं। इस अवसर पर जनपद के प्रभारी मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, गढ़वाल सांसद तीरथ सिंह रावत, कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल, थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, राज्य मंत्री रमेश गडिया, जिला अध्यक्ष रमेश मैखुरी, महिला मोर्चा अध्यक्ष हिमानी वैष्णव, गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पांडेय, जिलाधिकारी हिमांशु खुराना, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, अपर जिलाधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, एसडीएम संतोष कुमार पांडेय आदि सहित बडी संख्या में मातृशक्ति व स्थानीय जनता मौजूद थी।

मुख्यमंत्री ने 260 योजनाओं का किया लोकापर्ण
चमोली : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विधानसभा बद्रीनाथ के अतंर्गत विभिन्न विभागों की जिला योजना, राज्य सेक्टर एवं केन्द्र पोषित योजनाओं के तहत 34.61 करोड की 79 योजनाओं का लोकापर्ण किया। कर्णप्रयाग विधानसभा में 16.66 करोड़ की 66 योजनाओं का लोकापर्ण हुआ। वही थराली विधानसभा के अंतर्गत 45.84 करोड़ की 115 योजनाओं का लोकापर्ण किया।

मुख्यमंत्री ने 344 योजनाओं का किया शिलान्यास
चमोली : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विधानसभा बद्रीनाथ के अतंर्गत विभिन्न विभागों की जिला योजना, राज्य सेक्टर एवं केन्द्र पोषित योजनाओं के तहत 210.11 करोड की 132 योजनाओं का शिलान्यास किया। कर्णप्रयाग विधान सभा में 34.23 करोड की 89 योजनाओं और थराली विधानसभा में 58.93 करोड़ की 123 योजनाओं का शिलान्यास किया।

मुख्यमंत्री ने लाभार्थियों को बांटे चैक
चमोली : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत ग्राम पंचायत दुआ की राजेश्वरी देवी, कुसुम देवी और यशोदा देवी तथा अटल आवास योजना के तहत ग्राम सूकी सुराईथोटा की नन्दी देवी एवं ग्राम तोलमा सुराईथोटा की सरिता देवी को भवन की चाबियॉ प्रदान की। वही ग्राम नौटी की नीमा मैठाणी को उत्कृष्ट कृषि कार्य हेतु 25 हजार का चैक और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया। इस दौरान उल्लेखनीय कार्य कर रहे युवक मंगल दल बूरा, लुणतरा एवं वादुक को 75-75 हजार रूपए और महिला मंगल दल आला जोखना को 37500 हजार रुपये का चैक वितरण किया।

मुख्यमंत्री ने महिलाओं को किया सम्मानित
चमोली : मुख्यमंत्री ने नंदा गौरा महोत्सव में कृषि क्षेत्र में उत्साहवर्धक कार्य करने हेतु मत्स्य पालन में मुल्लागांव ग्वाड की लीला देवी व ग्राम पिण्डवाली की सीता देवी, परम्परागत हस्तशिल्प में अपर बाजार चमोली की सुनीता देवी, ग्राम गमशाली की रूकमणी देवी, पर्यटन क्षेत्र में मंडल की पूजा देवी तथा महिलाओं के उत्थान एवं सशक्तिकरण में योगदान और तीलू रौतेली पुरस्कार से सम्मानित ग्राम मठ की चन्द्रकला तिवारी, गोपेश्वर की मीना तिवारी और शशी देवली को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।


सीएम धामी के रोड शो में उमडा जन सैलाब
चमोली : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी वृहस्पतिवार को एक दिवसीय दौरे पर गौचर पहुंचे। यहां उन्होंने गौचर हवाई पट्टी से मेला मैदान तक विशाल रोड शो में प्रतिभाग किया। इस दौरान सीमांत के वासिंदों एवं स्थानीय विद्यालय के छात्रों ने पारंपरिक परिधानों एवं बाध्य यंत्रों के साथ पुष्प वर्षा कर मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया। इस दौरान महिलाओं ने कलश यात्रा और विद्यालय के बच्चों ने नंदा देवी राजजात, छोलिया नृत्य, पांडव नृत्य, मंगल गान, लोकनृत्य की प्रस्तुति दी। मुख्यमंत्री ने सभी कार्यक्रमों में प्रतिभाग करते हुए हजारों की संख्या में पहुंची मातृशक्ति का दोनों हाथ जोड़कर अभिवादन किया।

सीएम धामी ने पहाड़ी व्यंजनों का चखा स्वाद
चमोली : सीएम पुष्कर सिंह धामी ने पहाड़ की पारंपरिक वस्तुओं को बढ़ावा देने के उदेश्य से रांछ पर कालीन बुनाई, पैडल चरखे पर ऊन कताई, रिंगाल की टोकरी बुनने और दुर्लभ भोजपत्र पर कैलीग्राफी भी की और महिला समूहों के साथ विभिन्न क्रियाकलाप कर स्थानीय संस्कृति को जाना और अपनी पुरानी यादों को साझा किया। महिलाओं ने पारंपरिक हैडलूम व हैडीक्राफ्ट की पूरी विधि बताते हुए अपने संगठनों की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने उत्पादों की सराहना करते हुए यात्रा मार्ग पर भी आउटलेट खोलने एवं पारंपरिक तरीके से बन रहे कालीन, पंखी, दोखे, शौल, टोपी आदि का खूब प्रचार करने को कहा। मुख्यमंत्री ने लेन्टाना घास से बनाई गई उपयोगी सामग्री की भी खूब सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!