श्रीनगर गढ़वाल : चारधाम यात्रा के मद्देनजर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने उपजिला चिकित्सालय के पांच बेड के आईसीयू को हर समय सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए थे। निर्देश के दो दिन बाद मंगलवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मेघना असवाल दोबारा अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने आईसीयू का निरीक्षण कर मरीजों के उपचार और उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाएं चाक-चौबंद मिलीं।
उन्होंने चिकित्सकों को मरीजों की नियमित निगरानी करने और किसी भी आपातस्थिति से निपटने के लिए आईसीयू में आवश्यक दवाएं, उपकरण रखने और स्वास्थ्यकर्मी तैनात करने के निर्देश दिए। इसके बाद सीएमओ ने अस्पताल परिसर की व्यवस्थाओं को परखा। उन्होंने कहा कि अस्पताल में आने वाले स्थानीय लोगों और यात्रियों को समय पर बेहतर उपचार मिलना चाहिए। इसमें लापरवाही नहीं होनी चाहिए। निरीक्षण के दौरान प्रभारी मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रचित गर्ग, मेडिकल टीम और स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे। (एजेंसी)