जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : विकासखंड पाबौ के खुड्डेश्वर मैदान में स्प्रिंग एंड रिवर रिजुवनेशन अथॉरिटी (सारा) की पहल पर एक दिवसीय जिला स्तरीय जल उत्सव-2026 आयोजित हुआ। इस मौके पर पारंपरिक जलस्रोतों, नदियों, गाड-गदेरे, नौले और धारे के संरक्षण पर जोर दिया गया। इस दौरान कैबिनेट मंत्री डॉ. धर्न ंसह रावत ने खुड्डेश्वर मैदान के समीप पौधरोपण कर स्वच्छता अभियान में श्रमदान किया। कहा कि स्वच्छ वातावरण और पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। अधिक से अधिक पौधरोपण से ही जल संरक्षण और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में सहायक हैं। उन्होंने लोगों से पौधरोपण करने व स्वच्छता बनाए रखने की अपील की।
कार्यक्रम का उद्घाटन कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बदलती जलवायु परिस्थितियों और बढ़ती जल आवश्यकताओं को देखते हुए जल स्रोतों का संरक्षण और पुनर्जीवन के लिए सारा की भूमिका को अहम बताया। कहा कि राज्य के पारंपरिक जल स्रोत, नदियां, गाड-गदेरे, नौले और धारे राज्य की महत्वपूर्ण प्राकृतिक संपदा हैं। राज्य सरकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से पारंपरिक जल स्रोतों के संरक्षण और पुनर्जीवित करने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों, महिला समूहों और युवाओं की भागीदारी से इन प्रयासों को और प्रभावी बनाया जा सकता है। इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला, सीडीओ अशोक जोशी, संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात, डीडीओ मनविंदर कौर, उप निदेशक सारा अजय कुमार सोनकर आदि मौजूद रहे।