सख्त भू-कानून के पक्ष में आयी समिति
जयन्त प्रतिनिधि
कोटद्वार। प्रदेश में भू-कानून बनाने की मांग को लेकर स्व. सरोजनी देवी लोक विकास समिति ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा। कहा कि वर्तमान परिस्थिति को देखते हुए सरकार को जल्द भू-कानून बनाना चाहिए।
सोमवार को समिति के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह नेगी ने उपजिलाधिकारी योगेश मेहरा के माध्यम से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन भेजा। उन्होंने कहा कि अब तक की सरकारों की गलत नीतियों के चलते उत्तराखंड का स्वरूप विकृत हो चुका है। प्रदेश में भूमाफिया व बाहरी व्यक्ति संसाधनों को लूट रहे हैं। ऐसे में अब राज्य में शीघ्र सशक्त भू-कानून लागू करने की जरूरत है। कहा कि चुनाव आचार संहिता लगने से पूर्व सरकार को प्रदेश के गांव व जंगल बचाने के लिए भूू-कानून लागू करने पर ध्यान देना चाहिए। समिति ने हिमाचल की तर्ज पर राज्य में भू-कानून लागू करने की मांग की है। कहा कि भू-कानून लागू होने के बाद प्रदेश में पलायन पर भी रोक लगेगी। इस मौके पर समिति के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह नेगी, गब्बर सिंह असवा, नारायण सिंह नेगी, गजेंद्र सिंह रावत, कुंवर सिंह रावत रमेश भंडारी, चंद्रमोहन सिंह आदि मौजूद रहे।