राष्ट्रीय राजमार्ग के विरोध में समिति ने किया प्रदर्शन

Spread the love

सनेह क्षेत्र में आबादी से राष्ट्रीय राजमार्ग निकाले जाने का विरोध
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार: नगर निगम के अंतर्गत सनेह क्षेत्र से राष्ट्रीय राजमार्ग का बाईपास निकालने का एनएचएआई विरोध संघर्ष समिति ने विरोध किया है। कहा कि आबादी से बीच राष्ट्रीय राजमार्ग निकाले जाने से कई परिवार बेघर हो जाएंगे। आरोप है कि शिकायत के बाद भी सरकार समिति की समस्याओं को गंभीरता से नहीं ले रही। समिति ने जल्द समस्या का निराकरण नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है।
सोमवार को आक्रोशित सनेह क्षेत्र के लालपानी, नाथूपुर, बिशनपुर, जीतपुर, रतनपुर और ग्रास्टनगंज के ग्रामीणों ने समिति के बैनर तले तहसील में प्रदर्शन किया। बतातें चलें कि राष्ट्रीय राजमार्ग 119 के कोटद्वार में बाईपास बनाने के लिए भूमि अर्जन को लेकर सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने अधिसूचना जारी की थी। जिस पर संबंधित अधिकारियों ने सनेह क्षेत्र से बाईपास निकालने के लिए सर्वे किया, लेकिन क्षेत्रीय जनता ने संघर्ष समिति का गठन कर इसका विरोध करना आरंभ कर दिया। सोमवार को भी बाइ पास के लिए भूमि अर्जन मामले में प्रशासन की ओर से एडीएम ईला गिरि बाईपास से प्रभावित लोगों की जन सुनवाई के लिए पहुंची थी, लेकिन बाई पास प्रभावित ग्रामीणों ने आबादी क्षेत्र से बाईपास निकालने पर आपत्ति जताते हुए तहसील परिसर में धरना आरंभ कर दिया। ग्रामीणों ने कहा कि गांवों एवं बस्तियों को उजाड़कर किसी भी प्रकार के विकास को बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। मौके पर ग्रामीणों ने एडीएम को ज्ञापन भी सौंपा। ज्ञापन सौंपने वालों में समिति अध्यक्ष आशीष रावत, महिंद्रपाल सिंह रावत, कुलदीप रावत, पूरण सिंह, ममता देवी, उषा देवी, अर्जुन सिंह, सतेंद्र सिंह और भजन सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *