लोकसभा और विधानसभाओं में महिला आरक्षण लागू करने की मांग को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन

Spread the love

नई दिल्ली, लोकसभा और राज्य विधानसभाओं की मौजूदा सीटों पर ही 33त्न महिला आरक्षण लागू करने की मांग को लेकर महिला कांग्रेस ने रविवार को प्रदर्शन किया. इस दौरान कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाजपा मुख्यालय तक जाकर प्रदर्शन करने की कोशिश की. लेकिन, पुलिस ने उन्हें बैरिकेडिंग लगाकर पहले ही रोक दिया. प्रदर्शन का नेतृत्व करते हुए महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा ने कहा कि हमारी मांग है कि महिला आरक्षण को अभी तुरंत लागू किया जाए.
अलका लांबा ने कहा कि 2023 में महिला आरक्षण को पारित करने में कांग्रेस पार्टी का भी सहयोग रहा लेकिन अब भाजपा की नियत खराब है. अभी जो संशोधन विधेयक लाया गया वह महिला आरक्षण विधेयक नहीं वह परिसीमन का विधेयक था. अभी जब जनगणना नहीं हुई है तो अभी परिसीमन करके सरकार अपनी मनमानी करना चाहती है. लेकिन कांग्रेस पार्टी ऐसा नहीं होने देगी.
कांग्रेस हमेशा से महिला आरक्षण के समर्थन में है. इसलिए हमने 2023 में ही महिला आरक्षण विधेयक पारित करा दिया था. लेकिन अब मोदी जी अपनी बात से पलट रहे हैं और दक्षिण भारतीय राज्यों की सीटें लोकसभा में कम करना चाहते हैं इसलिए अभी यह परिसीमन बिल लाया गया. कांग्रेस पार्टी का कहना है कि अगर आपको परिसीमन करना है तो पहले आप जनगणना कराएं और जनगणना के बाद आप परिसीमन कीजिए, जिससे कि सभी राज्यों को अपना उचित प्रतिनिधित्व मिल सके.
अलका लांबा ने कहा कि महिला आरक्षण को हमेशा कांग्रेस ने ही आगे बढ़ाया है. महिलाओं के लिए पंचायत में आरक्षण कांग्रेस ने दिया. देश को पहली महिला प्रधानमंत्री कांग्रेस ने दी. पहली महिला राष्ट्रपति कांग्रेस ने बनाई. भाजपा ने जोड़-तोड़ की राजनीति करने के अलावा कुछ नहीं किया. जब महिला आरक्षण विधेयक 2023 में ही पारित हो चुका है तो इसको अभी लाने की क्या जरूरत थी.
यह बिल परिसीमन का बिल था, जिसकी आड़ में मोदी सरकार राज्य विधानसभाओं और लोकसभा में अपने मनमानी तरीके से सीटों को बढ़ाना चाहती है ताकि वह सत्ता में बनी रह सके. अलका लांबा ने कहा कि सरकार की नीयत नहीं है कि वह 543 सीटों पर महिला आरक्षण को लागू करे और 180 महिलाएं लोकसभा में पहुंच सकें.
प्रदर्शन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की पुलिस के साथ तीखी नोंकझोंक भी हुई. प्रदर्शन में दिल्ली प्रदेश कांग्रेस और महिला कांग्रेस की कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल हुए. बता दें कि कांग्रेस के इस प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने दीन दयाल उपाध्याय मार्ग पर एक तरफ के ट्रैफिक को रोक दिया था.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *