गुजरात में साली की सगाई को लेकर विवाद में दामाद ने सास को जिंदा जलाया, मौत

Spread the love

सूरत, गुजरात के सूरत शहर के पांडेसरा इलाके में पारिवारिक विवाद ने खूनी स्वरूप लिया. साली की सगाई को लेकर चल रहे विवाद से गुस्साए दामाद ने सास पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर उसे जिंदा जला दिया. इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. बुरी तरह जली बुजुर्ग सास की सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया. हालांकि इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया. इसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी दामाद को गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस जांच में पता चला है कि यह घटना किसी अचानक हुए झगड़े का नतीजा नहीं थी, बल्कि पहले से रची गई साजिश थी. 15 अप्रैल, 2026 की सुबह, जब मृतक रत्नाबेन सोनवणे अपने घर के बाहर बैठी थी, तभी उनका दामाद मनोहर महाजन एक प्लास्टिक की बोतल में पेट्रोल या केमिकल जैसा ज्वलनशील पदार्थ और जलती हुई लकड़ी लेकर वहां पहुंचा. रत्नाबेन कुछ सोच-समझ पाती उससे पहले ही दामाद मनोहर महाजन ने सास पर ज्वलनशील पदार्थ छिड़क कर जलती हुई लकड़ी से आग लगा दी.
रत्नाबेन की चीख-पुकार सुनकर हरीश नामक एक युवक उन्हें बचाने के लिए बीच में आया लेकिन, हैवानियत की हद पार कर चुके मनोहर ने उसे भी जलाने की एवं जानलेवा कोशिश की. किस्मत से हरीश बच गया, लेकिन रत्नाबेन बुरी तरह जल गई.
घटना के बाद आरोपी मनोहर पुलिस को चकमा देकर महाराष्ट्र के शिरडी भाग गया. वहीं आरोपी को पकड़ने के लिये सूरत की पांडेसरा पुलीस तेजी से कार्रवाई में जुटी और अलग-अलग पुलिस की टीमों ने काम करना शुरू कर दिया. पुलिस टेक्निकल सर्विलांस के जरिए उस पर नजर रख रही थी. जैसे ही मनोहर को पता चला कि उसकी सास की मौत हो गई है, वह सूरत लौट आया. भेस्तान इलाके में नजर रख रही पुलिस ने उसे दबोच लिया.
एसीपी जेआर देसाई ने कहा, ‘आरोपी मनोहर महाजन मजदूरी करने वाला एक श्रमिक है. पहले आरोपी के विरूद्ध ‘हत्या की कोशिश’ का केस दर्ज किया गया था, लेकिन रत्नाबेन की मौत के बाद हत्या के तहत केस दर्ज किया गया. यह पता लगाने के लिए आगे की जांच चल रही है कि ज्वलनशील लिक्विड कहाँ से लाया गया था.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *