पुल धंसने के विरोध में कांग्रेस ने किया प्रदर्शन

Spread the love

भाजपा सरकार पर लगाया अवैध खनन को बढ़ावा देने का आरोप
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार: भाबर क्षेत्र को कोटद्वार से जोड़ने वाले सुखरौ नदी पर बने पुल के धंसने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रोष व्यक्त किया है। इस बात से आक्राशित कांग्रेस कार्यकर्ताओं व स्थानीय लोगों ने महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष व वर्तमान पार्षद गीता नेगी के नेतृत्व में पुल पर धरना दिया और अवैध खनन में लिप्त अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।
वक्ताओं ने कहा कि इससे पहले भी पार्षद एवं स्थानीय लोगों की ओर से कई बार स्थानीय प्रशासन को लिखित व मौखिक में पुल के नीचे अवैध खनन होने की शिकायत दी गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसका ही परिणाम है कि खननकारियों के हौसले बुलंद रहे और उन्होंने पुल की नीव को ही खोखला कर दिया। यह सब अधिकारियों और कर्मचारियों की खनन माफिया से मिली भगत के कारण हुआ है। इस कारण पुल पर आवाजाही बंद कर दी गई है और भाबर क्षेत्र के लोगों को मुख्य बाजार आने में लंबा रास्ता तय करना पड़ रहा है। चेतावनी दी गई कि यदि पुल पर आवागमन शीघ्र ही सुचारू न किया गया और इसके लिए जिम्मेदार अधिकारियों व कर्मचारियों पर कार्रवाई नहीं की गई तो पार्टी व्यापक स्तर पर आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। प्रदर्शन करने वालों में यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष अमित राज सिंह, यूथ कांग्रेस विधान सभा अध्यक्ष विजय रावत, महावीर सिंह रावत, बलबीर सिंह रावत, शकुंतला चौहान, प्रवेश रावत, पार्षद जगदीश मेहरा, सूरज कांती, विवेक शाह, विनोद नेगी और रूपेंद्र सिंह नेगी सहित कई कार्यकर्ता शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *