कोटद्वार-पौड़ी

कांग्रेस ने पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के विरोध में किया प्रदर्शन

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी।
जनपद मुख्यालय पौड़ी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के खिलाफ प्रदर्शन किया। हालांकि कांग्रेस, युवा कांग्रेस व महिला कार्यकर्ताओं ने अलग-अलग समय व अलग-अलग स्थानों पर प्रदर्शन किया। कांग्रेस की इस गुटबाजी पर भाजपा चुटकी लेती नजर आई।

शुक्रवार को मुख्यालय पौड़ी में कांग्रेस का पेट्रोल-डीजल के लगातार बढ़ते दामों के खिलाफ प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष कामेश्वर राणा के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने कोटद्वार रोड स्थित पेट्रोल पंप परिसर में प्रदर्शन किया। इस मौके पर राणा ने कहा कि केंद्र सरकार जनता की जेबों पर डाका डालने का काम कर रही है। कोविड महामारी से जूझ रही जनता पर लगातार पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दाम किसी आपदा की तरह ही हैं। उन्होंने बढ़ी कीमतें जल्द वापस लिए जाने की मांग की है। वहीं युवा कांग्रेस ने प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य नवल किशोर के नेतृत्व में सांकेतिक प्रदर्शन किया। जिला उपाध्यक्ष युवा कांग्रेस आशीष नेगी ने कहा कि अंतराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे पेट्रोल की कीमत 71 डॉलर प्रति बैरल से घटकर 65 डॉलर प्रति बैरल हो गई है। लेकिन भारत में पेट्रोल-डीजल के दाम लगातार आसमान छू रहे हैं। वहीं कांग्रेस की पूर्व जिलाध्यक्ष नीलम रावत के नेतृत्व में महिला कार्यकर्ताओं ने खांड्यूसैण पेट्रोल पंप परिसर में विरोध प्रदर्शन किया। कहा कि केंद्र सरकार पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर नियंत्रण लगाने पर पूरी तरह विफल है। महंगाई देश में बैकाबू हो चुकी है। पीएम का अच्छे दिनों का वादा जुमला बनकर ही रह गया है। वहीं भाजपा के जिला महामंत्री जगत किशोर बड़थ्वाल ने कहा कि कांग्रेस को देश के विकास से कोई सरोकार नहीं है। कांग्रेस में केंद्र से लेकर बूथ स्तर तक नेताओं व कार्यकता्र्रओं में भगदड़ मची हुई है। प्रदर्शन करने वाले कांग्रेसियों में जिला उपाध्यक्ष विनोद दनोसी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष केशर सिंह नेगी, युद्घवीर रावत, भाष्कर बहुगुणा, मोहित सिंह, वीरबल मंडागी, कमला रावत, अर्चना गुसांई, कविता सजवाण आदि शामिल रहे।

कांग्रेस में गुटबाजी साफ नजर आई

पेट्रोल डीजल की बढ़ती कीमतों के खिलाफ कांग्रेस ने प्रदर्शन तो किया, लेकिन एक ही शहर में अलग-अलग स्थान और अलग-अलग समय पर किया। जिससे कांग्रेसियों में गुटबाजी साफ नजर आई। विरोध प्रदर्शन के लिए नहीं हो पा रहे एकजुट, तो चुनाव कैसे जीतेंगे। कांग्रेस कार्यकर्ता हाईकमान से मिलने वाले निर्देशों के पालन के लिए भी एकजुट नहीं हो पा रहे है। सभी अपनी अपनी ढपली अपना अपना राग अलाप रहे हैं। पौडी में कांग्रेस संगठन पर एकजुट न होने के आरोप लगते रहे हैं। जो कई बार कार्यक्रमों में दिखाई भी दिया है। ऐसे में आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस कार्यकर्ता पार्टी प्रत्याशी के लिए कैसे एकजुट हो पाएंगे कह पाना मुश्किल है।

कांग्रेसियों ने महंगाई के खिलाफ किया प्रदर्शन
जयन्त प्रतिनिधि।
सतपुली।
भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के आह्वान पर व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह के निर्देश पर बढ़ती महंगाई के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पेट्रोल पंप पर प्रदर्शन किया। साथ ही केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

कांग्रेस नगर अध्यक्ष सुरजन रौतेला के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सरकार द्वारा निरंतर पेट्रोल व डीजल के दामों में वृद्धि की जा रही है। आज पेट्रोल 90 से 100 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया। इसका सीधा असर आम जनमानस की जेब पर पड़ रहा है। इस अवसर पर कांग्रेस नगर अध्यक्ष सुरजन रौतेला, जयदीप नेगी व्यापार मंडल अध्यक्ष, पूरण जैरवाण, रोहन नेगी समेत अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!