कोटद्वार-पौड़ी

कांग्रेस के किसान आंदोलन को चुनावी स्टंट बताया

Spread the love
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता विपिन कैंथोला ने कहा कि कांग्रेस का किसान आंदोलन केवल एक चुनावी स्टंट है। कांग्रेस किसानों के नाम पर कोरी राजनीति कर किसानों को गुमराह कर अपने खत्म होते अस्तित्व को बचाने का प्रयास कर रही है। कांग्रेस को किसानों की भलाई और बेहतरी से कोई सरोकार नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के इन स्टंट को राज्य की जनता अच्छी तरह से जानती है और आने वाले समय में जनता कांग्रेस को इसका जवाब भी देगी और सबक भी सिखाएगी।
विपिन कैंथोला ने कहा कि 2022 में विधानसभा के चुनाव होने हैं। कांग्रेस के पास जनता के बीच जाने कोई रास्ता नहीं बचा है। ऐसे में कांग्रेस किसी भी तरह किसानों के नाम पर जनता को भटकाना चाहती है। किसानों के बहाने राज्य के लोगों को भ्रम में डालना चाहती है, लेकिन कांग्रेस का ये हथकंडा काम नहीं आने वाला है। उन्होंने कहा कि सबसे ज्यादा समय तक देश पर कांग्रेस ने राज किया है। कांग्रेस को किसानों की इतनी ही चिंता थी तो अपने राज के इतिहास का कोई एक काम बता दे, जिससे किसानों का भला हुआ हो। कांग्रेस ने केवल सत्ता का सुख भोगा। किसानों की खेती उन्नत और वैज्ञानिक तकनीकी से हो, उनकी फसल को अच्छी कीमतें मिलें, इसकी चिंता कांग्रेस को कभी नहीं रही। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने कई क्रांतिकारी कदम उठाए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्राथमिकता में हमेशा से ही किसान रहे हैं। विपिन कैंथोला ने कहा कि नए कृषि सुधार कानून किसानों के उत्थान के लिए उठाया गया अब तक का सबसे बड़ा कदम है। यही कदम नए भारत की नींव को ओर मजबूत करेंगे और आत्मनिर्भर भारत की ओर बढ़ रहे कदमों को मजबूती प्रदान करेंगे। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार भी किसानों के लिए लगातार बेहतर योजनाएं बना रही है। सरकार किसानों को ब्याज मुक्त ऋण की योजना लेकर आई है। इसके अलावा सहकारिता और कृषि विभाग भी कई योजनाएं संचालित कर रहा है, जिससे राज्य के किसानों को लाभ मिल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!