खराब सड़कों को लेकर कांग्रेस का पीडब्ल्यूडी कार्यालय पर प्रदर्शन, अधिशासी अभियंता का किया घेराव

Spread the love

अल्मोड़ा। नगर क्षेत्र की जर्जर सड़कों के सुधारीकरण और हॉटमिक्स की मांग को लेकर गुरुवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने नगर की सड़कों की बदहाल स्थिति पर नाराजगी जताई। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना था कि नगर की अधिकांश सड़कें गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं, जिससे वाहन चालकों और पैदल यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में स्थिति और गंभीर हो जाती है तथा दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। लंबे समय से सड़क सुधार की मांग उठाई जा रही है, लेकिन विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। प्रदर्शनकारियों ने नगर की सभी प्रमुख और संपर्क सड़कों पर शीघ्र हॉटमिक्स कर गुणवत्तापूर्ण मरम्मत कार्य कराने की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो पार्टी जनहित में व्यापक आंदोलन शुरू करेगी। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने अधिशासी अभियंता से लिखित रूप में कार्य शुरू होने की समयसीमा मांगी। अधिशासी अभियंता हर्षित गुप्ता ने प्रतिनिधिमंडल को लिखित आश्वासन दिया कि 20 दिनों के भीतर आवश्यक कार्य शुरू कर दिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा सड़क मरम्मत एवं हॉटमिक्स कार्यों की कार्ययोजना तैयार की जा रही है और उपलब्ध बजट के अनुसार कार्य शुरू किए जाएंगे। प्रदर्शन में नगर अध्यक्ष ताराचंद्र जोशी, एन.डी. पांडे, वैभव पांडे, बी.के. पांडे, जगदीश पांडे, आनंद सिंह बिष्ट, रितिक नयाल, परितोष जोशी, विकास कुमार, संजय दुर्गापाल, प्रदीप चंद्र आर्या, हेम चंद्र तिवारी, कार्तिक साह, आनंद बगड़वाल, सलीम अख्तर, दीपक कुमार, दिनेश पिलख्वाल, सुशील साह, देवेंद्र बलोनी, अशोक गोस्वामी, विक्रम सिंह फर्त्याल, पूरन रौतेला, शशांक बिष्ट, कुलदीप मेर सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *