जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की पर्यवेक्षक व ओडिशा की कटक विधानसभा विधायक सोफिया फिरदौस ने कहा है कि कांग्रेस पार्टी भाजपा की गलत नीतियों के खिलाफ सड़क पर उतरकर संघर्ष कर रही है। जनता की अनदेखी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों को एकजुट होकर धरातल पर कार्य करने को कहा।
कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के अंतर्गत कोटद्वार पहुंची सेफिया फिरदौस ने मंगलवार को स्थानीय होटल के सभागार में प्रेस वार्ता की। इस अवसर पर उन्होंने संगठन को मजबूती प्रदान करने के लिए कार्यकर्ताओं को टिप्स दिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पंचायत से लेकर बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाना है। साथ ही राहुल गांधी की ओर से उठाये गये मुद्दों को जन-जन तक पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है। वर्तमान राजनीतिक परिस्थिति में संविधान की रक्षा कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए बड़ी चुनौती है जिसका डटकर सामना करना होगा। विधायक रवि बहादुर ने संगठन को मजबूत करने, नए युग के लिए तैयार रहने के अवसर मिलने की बात कही। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के जड़ें गहरी हैं। हमारे सिद्धांत आज भी प्रासंगिक हैं। उन्होंने कहा कि हमें अपने संगठन में महिलाओं और समाज के हर वर्ग को शामिल करना है साथ ही समाज की समस्याओं का समाधान करने के लिए भी हमें काम करना होगा। इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी से महेंद्र सिंह व जगदीश धीमान, प्रदेश कांग्रेस कमेटी उड़ीसा से विश्वजीत दास व महानगर कांग्रेस अध्यक्ष संजय मित्तल मौजूद रहे।