श्रीनगर गढ़वाल : तहसील मुख्यालय कीर्तिनगर में पिछले 20 दिनों से जारी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के धरना-प्रदर्शन को कांग्रेस का समर्थन मिला है। सोमवार को जिला कांग्रेस कमेटी देवप्रयाग के जिलाध्यक्ष उत्तम सिंह असवाल ने धरनास्थल पहुंचकर आंदोलनरत कर्मियों के साथ एकजुटता जताई। इस दौरान असवाल ने राज्य सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में वृद्धि का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। जिलाध्यक्ष ने क्षेत्रीय विधायक पर भी निशाना साधते हुए कहा कि जब देवप्रयाग विधानसभा की मातृशक्ति 20 दिनों से आंदोलनरत है तब जनप्रतिनिधि कहीं नजर नहीं आ रहे हैं। कांग्रेस पार्टी इस संघर्ष में कार्यकर्ताओं के साथ खड़ी है और वर्ष 2027 में सरकार बनने पर उनकी मांगों को प्राथमिकता से पूरा किया जाएगा। इस मौके पर आंगनबाड़ी अध्यक्ष नीलम नेगी, रामलाल नौटियाल, सरस्वती देवी आदि मौजूद रहे। (एजेंसी)