कांग्रेसियों ने गढ़वाल आयुक्त को सौंपा ज्ञापन, समस्याओं के निराकरण की मांग

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : सोमवार को आयुक्त कैम्प कार्यालय में गढ़वाल आयुक्त आंनद स्वरुप से युवा कांग्रेस पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने मुलाकात कर समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन सौंपते हुए राष्ट्रीय संयोजक युवा कांग्रेस मोहित सिंह ने कहा कि गुमखाल-सतपुली के बीच चल रहे चौड़ीकरण कार्य चल रहा है। कार्य के दौरान कार्यदायी संस्थाओं की लापरवाही के कारण कई लोगों की जान जा चुकी है। कहा कि चौड़ीकरण के कार्यों में सम्बंधित विभाग राष्ट्रीय राजमार्ग और निर्माण कार्य करने वाली कम्पनी की लापरवाही, हठधर्मिता और अव्यवस्थाओं के कारण लोगों की मौत का रास्ता बन गया है। गत रविवार को भी बोल्डर गिरने से एक व्यक्ति की मौत हुई है और तीन लोग घायल हुए है। उन्होंने कहा कि कार्यदायी संस्थाओं पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही की जानी चाहिए। उन्होंने सड़क के दोनों ओर अटके बोल्डरों को हटाने, सड़क पर फैलाये गये मलबा, पत्थरों को हटाने व वैकल्पिक मार्ग जयहरीखाल-मैंदोली-रैतपुर-सतपुली को आवागमन और आवश्यक सेवाओं के लिए अविलंब दुरस्त करने की मांग की। साथ ही ठेकेदार, कम्पनी एवं राष्ट्रीय राजमार्ग द्वारा की गई अव्यवस्थाओं पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की। गढ़वाल आयुक्त आंनद स्वरूप ने आश्वासन दिया कि वह अधिकारियों से वार्ता कर जल्द ही इस पर कार्यवाही करेगें। इस मौके पर राष्ट्रीय संयोजक युवा कांग्रेस मोहित सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष युवा कांग्रेस आशीष नेगी, प्रदेश सचिव एनएसयूआई मुकुल कुमार, युवा कांग्रेस ब्लाक अध्यक्ष आयुष थपलियाल, आयुष आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *