सीला गांव तक जल्द पहुंचेगी पक्की सड़क, 1.73 करोड़ से होगा डामरीकरण

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : यमकेश्वर विधानसभा क्षेत्र के सीला गांव को जल्द पक्की सड़क की सुविधा मिलने जा रही है। जिला योजना के तहत 1.73 करोड़ रूपये की लागत से फुलणसैंण-सीला-बरस्वार-चुंडई मोटर मार्ग के 2.25 किलोमीटर हिस्से के डामरीकरण और सुधार कार्य की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
सीला गांव तक पहुंचने के लिए लंबे समय तक ग्रामीणों को केवल पैदल मार्ग का सहारा लेना पड़ता था। वर्ष 2004-05 में फुलणसैंण से सीला, बरस्वार और चुंडई तक मोटर मार्ग का निर्माण तो हुआ, लेकिन यमकेश्वर विधानसभा क्षेत्र के करीब 2.25 किलोमीटर हिस्से का डामरीकरण नहीं हो पाया। इसके कारण ग्रामीण वर्षों से कच्ची और जर्जर सड़क पर आवाजाही करने को मजबूर हैं, जबकि लैंसडौन विधानसभा क्षेत्र का हिस्सा पहले ही पक्का किया जा चुका है। यह मोटर मार्ग दुगड्डा ब्लॉक के सीला गांव के अलावा जयहरीखाल और रिखणीखाल ब्लॉक के कई गांवों को भी जोड़ता है। सीला के समीप सड़क कच्ची होने से स्थानीय लोगों और वाहन चालकों को रोजाना जोखिम उठाना पड़ता है। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के अनुसार, डामरीकरण से पहले सड़क की कटिंग, स्कपरों की मरम्मत और क्षतिग्रस्त पुश्तों का निर्माण कराया जाएगा। बरसात के दौरान प्रारंभिक कार्य पूरे किए जाएंगे, जबकि मानसून समाप्त होने के बाद डामरीकरण शुरू होगा। ग्राम प्रधान किरण देवी ने कहा कि ग्रामीण लंबे समय से पक्की सड़क की मांग कर रहे हैं। पहले भी निर्माण कार्य शुरु हुआ था, लेकिन अधूरा रह गया। इस बार उम्मीद है कि कार्य समय पर पूरा होगा। स्थानीय ग्रामीण सुधीर असवाल ने बताया कि दशकों से लोग कच्ची सड़क पर सफर करने को मजबूर हैं। पहले डामरीकरण का प्रयास हुआ था, लेकिन काम पूरा नहीं हो पाया। अब ग्रामीणों को उम्मीद है कि इस बार सड़क निर्माण का सपना साकार होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *