जनसमस्याओं को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, विधायक पर साधा निशाना

Spread the love

यमकेश्वर में स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क और पेयजल व्यवस्था को लेकर जताया आक्रोश
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : विधानसभा क्षेत्र में जनसमस्याओं का समाधान नहीं होने का आरोप लगाते हुए ब्लॉक कांग्रेस कमेटी और युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को ब्लाक मुख्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया। पूर्व ब्लाक अध्यक्ष विनोद डबराल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने काले झंडे दिखाकर क्षेत्रीय विधायक रेणु बिष्ट के खिलाफ विरोध जताया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विधायक पर क्षेत्र की समस्याओं के प्रति संवेदनहीनता बरतने का आरोप लगाया।


पूर्व अध्यक्ष विनोद डबराल ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में विकास कार्यों के बजाय सस्ती लोकप्रियता हासिल करने के लिए विकास की धनराशि से बर्तन और अन्य सामान बांटे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र के विकास के प्रति नकारात्मक सोच को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में यमकेश्वर विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। चिकित्सालयों में चिकित्सकों और दवाइयों का अभाव है। कई सड़कें बदहाल हैं, जबकि पेयजल लाइनें क्षतिग्रस्त होने के कारण ग्रामीणों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि क्षेत्र में रोजगार के पर्याप्त साधन उपलब्ध नहीं होने के कारण युवाओं को रोजगार की तलाश में दूसरे क्षेत्रों का रुख करना पड़ रहा है। उन्होंने विधायक से क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने की मांग की। प्रदर्शन में ब्लाक अध्यक्ष अनिल रतूड़ी, अरविंद नेगी, कुलदीप पटवाल, मोहन सिंह, हरि सिंह और भगत सिंह सहित कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *