लगातार हो रही बारिश, नदी-नालों के आसपास रहने वालों की बढ़ी चिंता

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : कोटद्वार व आसपास के क्षेत्र में लगातार दो दिन से हो रही बारिश ने नदी-नालों के आसपास रहने वाले परिवारों की चिंता बढ़ा दी है। सुरक्षा को देखते हुए कई परिवारों ने अन्यत्र शरण ली। वहीं, बारिश के दौरान कोटद्वार-दुगड्डा मार्ग पर भी चुनौती बढ़ गई है। मंगलवार को कई स्थानों पर पहाड़ी से मलबा व बोल्डर गिरते रहे।
सोमवार से क्षेत्र में लगातार बारिश हो रही है। पूरी रात हुई बारिश से खोह, सुखरो, मालन नदी के साथ ही नगर के बीच से होकर गुजरने वाला पनियाली गदेरा उफान पर बह रहा था। गदेरे व नदियों के आसपास रहने वाले परिवारों की पूरी रात आंखों-आंखों में कटी। हालांकि, रात के समय पुलिस व प्रशासन की टीम ने नदी नालों के आसपास रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थान पर जाने की भी सलाह दी। जिसके बाद कई लोग अपने रिश्तेदार व परिचितों के घर में शिफ्ट हुए। प्रशासन की टीम पूरी रात नदी नालों पर नजर बनाए हुए थे। वहीं, कोटद्वार-दुगड्डा के मध्य भी पूरे दिन पहाड़ी से मलबा गिरता रहा। हालांकि, मौके पर खड़ी जेसीबी व पोकलेंन मशीनों से रास्ते को साफ कर यातायात व्यवस्था को सुचारु करवाया जा रहा था। लेकिन, कीचड़ के कारण दोपहिया वाहनों के रपटने का खतरा बना हुआ था। सुबह के समय अचानक पांचवें मील के समीप बरसाती रपटा ऊफान पर बहने लगा। जिसके कारण कुछ घंटे के लिए उक्त स्थान पर यातायात बंद रहा। पानी का वेग कम होने के बाद ही वाहनों ने आवागमन शुरु किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *