अक्टूबर तक पूरा होगा नए रेलवे स्टेशन का निर्माण, एडीआरएम ने किया निरीक्षण

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : मुरादाबाद मंडल के अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) पारितोष गौतम ने मंगलवार को कोटद्वार पहुंचकर निर्माणाधीन नए रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेशन परिसर में चल रहे निर्माण और विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा।


निरीक्षण के दौरान एडीआरएम ने स्टेशन भवन, प्लेटफार्म, यात्री सुविधाओं, सर्कुलेटिंग एरिया समेत अन्य निर्माण कार्यों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों से निर्माण की वर्तमान स्थिति, गुणवत्ता और कार्य पूरा होने की समय सीमा की जानकारी ली। साथ ही निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य करने और तय समय में निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए। इस दौरान एडीआरएम ने दूरभाष पर कोटद्वार विधायक ऋतु खंडूड़ी भूषण से भी वार्ता की। विधायक ने स्टेशन पर यात्रियों और स्थानीय नागरिकों के लिए प्रस्तावित सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने स्टेशन परिसर में पर्याप्त सीसीटीवी कैमरे लगाने, स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था करने और अन्य यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक नए रेलवे स्टेशन का निर्माण कार्य अक्टूबर तक पूरा होने की उम्मीद है। निर्माण पूरा होने के बाद स्टेशन के उद्घाटन की तैयारियां शुरू की जाएंगी। नए स्टेशन के संचालन में आने से यात्रियों को बेहतर और आधुनिक सुविधाएं मिलने के साथ ही क्षेत्र में पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। निरीक्षण के दौरान जनसंपर्क अधिकारी मनीराम शर्मा, विधायक प्रतिनिधि कमल नेगी, महेश नेगी, राजेंद्र जेजेड़ी सहित वरिष्ठ मंडल वाणिज्यिक प्रबंधक महेश यादव, वरिष्ठ मंडल अभियंता (चतुर्थ) करनप्रीत सिंह, उप मुख्य अभियंता रिषभ, स्टेशन अधीक्षक कोटद्वार मनोज रावत और मुख्य वाणिज्यिक निरीक्षक नजीबाबाद राजेंद्र कुमार मीना समेत अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *