श्रीनगर गढ़वाल : नगर निगम क्षेत्र के भक्तियाना, कमलेश्वर, बागवान, शक्ति विहार, एनआईटी और हथकट्टा क्षेत्रों में पिछले चार दिनों से अनियमित बिजली आपूर्ति ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। उमस भरी गर्मी के बीच लगातार हो रही बिजली की आंख-मिचौली से जनजीवन प्रभावित रहा। व्यापारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा जबकि छात्रों की पढ़ाई भी बाधित रही।
कमलेश्वर के व्यवसायी आशुतोष बहुगुणा और गणेश ने बताया कि सुबह के व्यस्त समय में बिजली गुल रहने से फोटोस्टेट, प्रिंटिंग और अन्य कार्य प्रभावित हुए। काम न हो पाने के कारण ग्राहक लौट गए। वहीं, प्रकाश सती और विपिन थपलियाल ने बताया कि लगातार कटौती से दुकानों के फ्रिज ठीक से नहीं चल सके जिससे आइसक्रीम, दूध और अन्य डेयरी उत्पाद खराब हो गए। स्थानीय निवासी गजेंद्र, घनश्याम और दिनेश उनियाल ने बताया कि उमस भरी गर्मी में पंखे और कूलर बंद रहने से परेशानियों का सामना करना पड़ा। रविवार को पूरे दिन बिजली न रहने से लोगों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ी। एनआईटी के एमटेक सहित अन्य छात्रों ने बताया कि बिजली नहीं होने से लैपटॉप चार्ज नहीं हो पाए और प्रोजेक्ट व शोध कार्य प्रभावित हुए। विद्युत विभाग के अवर अभियंता यतेंद्र कुमार ने बताया कि पौड़ी चुंगी के पास स्थित ट्रांसफार्मर में तकनीकी खराबी आने से यह समस्या उत्पन्न हुई। विभाग ने वैकल्पिक व्यवस्था से आपूर्ति बनाए रखने का प्रयास किया, लेकिन मरम्मत के दौरान कुछ घरों के इन्वर्टरों से बैक करंट आने के कारण कार्य प्रभावित हुआ। इससे ट्रांसफार्मर ठीक करने में अपेक्षा से अधिक समय लगा। उन्होंने बताया कि रविवार देर रात खराबी पूरी तरह दूर कर दी गई और अब सभी प्रभावित क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति सामान्य कर दी गई है। (एजेंसी)