अश्लील हरकत और रंगदारी के आरोप में क्रॉस मुकदमा दर्ज

Spread the love

हरिद्वार। थाना क्षेत्र के गांव बोडाहेड़ी में महिला से अश्लील हरकत और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर रुपये वसूलने के आरोप में दोनों पक्षों की ओर से क्रॉस मुकदमे दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने दोनों तहरीरों के आधार पर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, बोडाहेड़ी निवासी नसरीन पत्नी इंतजार ने तहरीर देकर आरोप लगाया कि गांव निवासी इरशाद पुत्र अख्तर काफी समय से उसे फोन कर परेशान कर रहा था और अश्लील बातें करता था। कई बार समझाने के बावजूद वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। आरोप है कि नौ मई को इरशाद ने उसे फोन कर घर बुलाने का दबाव बनाया। बार-बार फोन करने पर उसने बातचीत के लिए उसे घर बुलाया, जहां आरोपी ने उसके साथ अश्लील हरकत की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर इरशाद निवासी बोडाहेड़ी, थाना पथरी, जनपद हरिद्वार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं, दूसरे पक्ष से इरशाद पुत्र अख्तर ने भी पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि गांव निवासी इंतजार पुत्र इकबाल उससे लंबे समय से दो लाख रुपये उधार मांग रहा था। रुपये का इंतजाम नहीं होने पर उसने बाद में देने की बात कही थी। आरोप है कि नौ मई की रात इंतजार की पत्नी नसरीन ने उसे कई बार फोन कर घर बुलाया। घर पहुंचने पर इंतजार और उसकी पत्नी ने उसे पकड़ लिया और शोर मचाना शुरू कर दिया। इरशाद का आरोप है कि शोर सुनकर गांव निवासी रिफाकत पुत्र हासिम और इस्तेकार पुत्र इकबाल भी मौके पर पहुंच गए। चारों लोगों ने उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की तथा दुष्कर्म के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। आरोप है कि उनसे 1.20 लाख रुपये भी ले लिए गए और दोबारा गांव में दिखाई देने पर जान से मारने की धमकी दी गई। एसओ रविंद्र कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर क्रॉस मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *