चौंदकोट महोत्सव में दिखी सांस्कृतिक छटा
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार: मुनाल सांस्कृतिक मंच लखनऊ के सहयोग व संस्कृति मंत्रालय भारत सरकार के सौजन्य से मालवीय उद्यान में आयोजित दो दिवसीय चौंद कोट महोत्सव का समापन हो गया है। महोत्सव के दौरान लोक संस्कृति के संरक्षण में प्रयासरत विभिन्न विद्वान जनों को सम्मानित किया गया।
महोत्सव के प्रथम दिवस पर लोक संस्कृति के संरक्षण में प्रयासरत शिक्षाविद जगमोहन सिंह रावत, महेंद्र सिंह नेगी, रेनू नेगी, गिरीश चंद्र नैथानी, कोतवाली प्रभारी विजय सिंह व समाज सेवी भाग सिंह रावत को मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी व महापौर हेमलता नेगी ने अंग वस्त्र, प्रतीक चिन्ह व प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम संयोजक विक्रिम बिष्ट ने अतिथियों का स्वागत फूल माला के स्थान पर पौधे प्रदान कर किया। तत्पश्चात गढ़वाल की संस्कृति से जुड़े लोक कलाकारों ने गायन व नृत्य में गढ़वाली लोकगीत प्रस्तुत किए। द्वितीय दिवस पर भी लोक संस्कृति के संरक्षण में प्रयासरत छायाकार कमल बिष्ट को सम्मानित किया गया। तत्पश्चात संस्कृति विभाग उत्तराखंड कोटद्वार की क्षेत्रीय सांस्कृतिक दल मंसार लोक कला सांस्कृतिक समिति ने राकेंद्र रौथाण के निर्देशन में गढ़वाल के पारंपरिक लोक नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों को नाचने को मजबूर कर दिया। वहीं गायन में पूनम भट्ट ,सोनाली, प्रमोद रावत रेखा उत्तराखंडी व निकिता व नृत्य कलाकार दीपिका पंत, मोनिका आर्य, दीप्ति डोबरियाल, अंकित भट्ट, रोहित, अजेश डबराल, मानसी बिष्ट, नीतिका सिंह ने कार्यक्रम में समां बांधा। मुख्य निर्णायक प्रकाश गढ़वाली, वीरेंद्र भंडारी, आशा गंगनानी आदि रहे।