जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : भारतीय जनता युवा मोर्चा उत्तराखंड की प्रदेश कार्यकारिणी में डॉ. शिवचरण नौडियाल को विशेष आमंत्रित सदस्य नियुक्त किया गया है। संस्कृत एवं गुरुकुल परंपरा से शिक्षा प्राप्त करने वाले डॉ. नौडियाल छात्र राजनीति, शिक्षा, संस्कृति और जनसेवा के क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय हैं। नई जिम्मेदारी मिलने पर संस्कृत, सांस्कृतिक, सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

डॉ. शिवचरण नौडियाल का सार्वजनिक जीवन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़ाव के साथ शुरू हुआ। वर्ष 2010 में विद्यार्थी परिषद की सदस्यता ग्रहण करने के बाद उन्होंने छात्र एवं युवा गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाई। वर्ष 2016 में वे उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय, हरिद्वार के छात्रसंघ अध्यक्ष निर्वाचित हुए। छात्र राजनीति के दौरान उन्होंने संस्कृत, संस्कृति और विद्यार्थियों से जुड़े विभिन्न विषयों पर सक्रिय भूमिका निभाई। संस्कृत और देवभूमि की लोक संस्कृति से गहरा जुड़ाव रखने वाले डॉ. नौडियाल विभिन्न सांस्कृतिक मंचों पर भी सक्रिय रहे हैं। गायन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में रुचि के साथ उन्होंने संस्कृत, लोक परंपराओं और उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत को युवाओं तक पहुंचाने के लिए कार्य किया है। शैक्षणिक क्षेत्र में भी उनका अनुभव रहा है। संस्कृत एवं योग में उच्च शिक्षा प्राप्त करने के बाद उन्होंने एक निजी विश्वविद्यालय में योग के प्रोफेसर के रूप में सेवाएं दीं। शिक्षा और संस्कृति के क्षेत्र में उनकी सक्रियता छात्र जीवन से ही निरंतर बनी रही है। वर्ष 2025 में थलीसैंण विकासखंड के 29-टीला (पैठाणी) जिला पंचायत क्षेत्र से जिला पंचायत सदस्य निर्वाचित होने के बाद उन्होंने जनप्रतिनिधि के रूप में अपनी जिम्मेदारियां संभालीं। इस दौरान उन्होंने सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल और आपदा समेत क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को लेकर जनता के बीच सक्रियता बनाए रखी और संबंधित अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के समक्ष स्थानीय मुद्दे उठाए। संगठनात्मक स्तर पर भी डॉ. नौडियाल को भारतीय जनता पार्टी के जिला सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के संयोजक का दायित्व सौंपा गया। अब भारतीय जनता युवा मोर्चा की प्रदेश कार्यकारिणी में विशेष आमंत्रित सदस्य नियुक्त होने के बाद उनकी जिम्मेदारी प्रदेश स्तर पर बढ़ गई है। उनकी नियुक्ति को छात्र राजनीति, शैक्षणिक अनुभव, सांस्कृतिक गतिविधियों और जनप्रतिनिधि के रूप में उनकी सक्रियता से जोड़कर देखा जा रहा है। नई जिम्मेदारी के तहत युवाओं एवं विद्यार्थियों के साथ संवाद और संगठनात्मक गतिविधियों में उनकी भूमिका रहेगी। इस मौके पर जितेंद्र नेगी, रजत भट्ट, मुकुल नेगी, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष रितिक नेगी सहित पार्षदगण एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।