नई टिहरी। उत्तराखंड हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा में टिहरी जिले के 15 छात्र-छात्राओं ने प्रदेश की मेरिट सूची में जगह पाई है। 10 बेटियों ने शानदार प्रदर्शन कर बेटों को पछाड़ा दिया। वहीं इंटरमीडिएट परीक्षा परिणाम में दो ही छात्र प्रदेश की मैरिट लिस्ट में स्थान पाने में कामयाब रहे। हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा परिणाम में टिहरी जिले से बेटियों ने बेहतर प्रदर्शन कर जिले और अपने स्कूलों का मान बढ़ाया है। हालांकि छात्र मेघराज ने सबसे अधिक 95. 60 प्रतिशत अंक हासिल मेरिट सूची में 10 वां स्थान हासिल कर जिले में पहला स्थान हासिल किया है। सूची में जिले के कुल 15 छात्र-छात्राओं ने स्थान पाया है जिसमें से 10 बेटियां शामिल है। मात्र 5 छात्र ही मेरिट लिस्ट अपना नाम दर्ज करने में सफल हो पाए हैं। छात्रा आकांक्षा 94. 80 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रदेश स्तरीय रैंक में 14 वां स्थान हासिल कर छात्राओं के बीच पहला स्थान पाया है। सूची में छात्राओं की अधिक संख्या होने से उन्होंने साबित कर दिया है, कि बेटियां भी किसी से पीछे नहीं है। कठिन परिस्थितियों सफलता की राह उनकी बाधा नहीं बन सकती है।
वहीं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा परिणाम में शुभम सिंह पंवार ने 94. 80 प्रतिशत अंक के साथ पहला तथा छात्र अनीष जोशी 94. 60 प्रतिशत अंक के साथ जिले में दूसरा स्थान हासिल किया है। इस बार जिले के किसी भी विद्यालय की छात्रा ने प्रदेश की टॉप 25 सूची में स्थान बनाने में कामयाबी हासिल नहीं कर पाई है।