हरिद्वार। हरिद्वार वन प्रभाग की श्यामपुर रेंज के जंगल में एक बाघ का शिकार हुआ है। बाघ का क्षत-विक्षत शव मिलने से वन प्रभाग में हड़कंप मच गया। करीब दो वर्ष के नर बाघ के चारों पैर कटे मिले हैं। प्रारंभिक जांच में बाघ को जहरीला पदार्थ देकर मारने की आशंका जताई जा रही है। मामले में वन प्रभाग ने एक वन गुज्जर को गिरफ्तार किया है, जबकि दूसरा आरोपी फरार है। वर्ष 2017 में चिड़ियापुर में इसी तरह बाघ को जहर देकर मारा गया था। वन प्रभाग के अनुसार रविवार शाम करीब साढ़े छह बजे सजनपुर बीट, श्यामपुर कम्पार्टमेंट संख्या-09 में सर्च ऑपरेशन के दौरान जंगल से बाघ का शव बरामद किया गया। मौके से एक मृत भैंस भी मिली है। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने मृत भैंस पर जहरीला पदार्थ डाला था। भैंस का मांस खाने के बाद बाघ की मौत हो गई। इसके बाद आरोपियों ने बाघ के चारों पैर काट दिए और उन्हें बेचने की तैयारी कर रहे थे। बताया जा रहा है कि आरोपी शव को जंगल में छोड़कर घर लौट आए थे और अगले दिन रात में उसे ठिकाने लगाने की योजना थी, लेकिन मुखबिरी के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। मौके से वन प्रभाग को दांत और खाल सुरक्षित मिले हैं। कार्रवाई के दौरान वन प्रभाग ने आलम उर्फ फम्मी निवासी गुज्जर डेरा, श्यामपुर कम्पार्टमेंट-09 को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, आमिर हमजा उर्फ मियां निवासी गुज्जर डेरा, श्यामपुर कम्पार्टमेंट-03 फरार हो गया है। डीएफओ हरिद्वार स्वप्निल अनिरुद्ध ने बताया कि एनटीसीए प्रोटोकॉल के तहत पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।