हल्द्वानी। उत्तराखंड के नैनीताल जिले के हल्द्वानी के मुखानी थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब कालाढूंगी रोड पर सड़क किनारे एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। सूचना मिलते ही मुखानी थाना पुलिस, फोरेंसिक टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का गहन निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। फिलहाल युवक की मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है और पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब 6:47 बजे डायल-112 पर सूचना मिली कि कमलवागांजा स्थित खन्ना होटल के सामने कालाढूंगी रोड किनारे एक व्यक्ति बेहोशी की हालत में पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां युवक सड़क किनारे चित्त अवस्था में मिला। घटनास्थल के आसपास उसकी चप्पलें अलग-अलग स्थानों पर बिखरी हुई थीं, जिसके चलते पुलिस ने पूरे क्षेत्र को सुरक्षित कर जांच शुरू कर दी।
फोरेंसिक टीम ने जुटाए अहम साक्ष्य
घटना की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक विशेषज्ञों को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य एकत्र किए और आसपास के क्षेत्र का बारीकी से निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में मृतक के शरीर पर किसी प्रकार की गंभीर चोट के निशान नहीं मिले, हालांकि कान के पास हल्की खरोंच पाई गई। पुलिस का कहना है कि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
41 वर्षीय दीपक भट्ट के रूप में हुई पहचान
पुलिस जांच में मृतक की पहचान 41 वर्षीय दीपक भट्ट, पुत्र उर्वादत्त भट्ट, निवासी इंदिरापुरम कॉलोनी, हरिपुर नायक, हल्द्वानी के रूप में हुई। पहचान होने के बाद पुलिस ने परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे।