दीपावली पर पटाखों की दुकानें लगाने के लिए कवायद शुरु

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : दीपावली पर्व पर पटाखों की दुकानें लगाने के लिए प्रशासन ने स्थान चिह्नित करने की कवायद शुरू कर दी है। कोटद्वार में चार, भाबर में एक और दुगड्डा में दो स्थान प्रस्तावित किए गए हैं। इन स्थलों का स्थलीय निरीक्षण करने के बाद ही दुकानों के संचालन की अंतिम मंजूरी दी जाएगी। वहीं, प्रशासन ने व्यापारियों से दीपावली के दौरान सड़कों पर अतिक्रमण नहीं करने की अपील की है।


शुक्रवार को तहसील परिसर में एसडीएम संदीप कुमार की अध्यक्षता में व्यापारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की बैठक हुई। इसमें सीओ अस्मिता ममगाईं भी मौजूद रहीं। अधिकारियों ने बताया कि पटाखों की दुकानें लगाने के लिए सीमित स्थान ही निर्धारित किए जाएंगे। इन स्थानों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के साथ अग्निशमन वाहन और पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। बैठक में व्यापारियों को सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देश भी दिए गए। एसडीएम ने बताया कि दुगड्डा नगर पालिका क्षेत्र में दो स्थानों पर करीब 25 दुकानें लगाने का प्रस्ताव है। नजीबाबाद रोड, विजय गार्डन, प्रगति मैदान और एक वेडिंग प्वाइंट व एक होटल का निरीक्षण किया जाएगा। बैठक में प्रभारी तहसीलदार राजेंद्र सनवाल, कोतवाल प्रदीप नेगी, एसएसआई शशिभूषण जोशी, सहायक नगर आयुक्त चंद्रशेखर शर्मा, व्यापार मंडल अध्यक्ष प्रवीण भाटिया, महामंत्री नवीन गोयल मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *