उपजिलाधिकारी सहित अन्य अधिकारियों ने किया निरीक्षण
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : त्योहारी सीजन में मिठाइयों की बढ़ती मांग के बीच प्रशासन ने दुकानों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और नियमों के पालन को लेकर जांच तेज कर दी है। इसी क्रम में प्रशासन की टीम ने शहर के तीन मिठाई प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान एक दुकान मे घटतौली की शिकायत मिली, जबकि दूसरी दुकान में तराजू का समय पर नवीनीकरण नहीं कराया गया था। वहीं, एक प्रतिष्ठान में श्रमिकों से 12-12 घंटे काम कराने और निर्धारित वेतन नहीं देने की शिकायत भी सामने आई।

जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया के निर्देश पर उपजिलाधिकारी संदीप कुमार के नेतृत्व में टीम ने बदरीनाथ मार्ग, नजीबाबाद रोड और स्टेशन रोड सहित विभिन्न स्थानों पर स्थित मिठाई की दुकानों और रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया। इस दौरान बदरीनाथ मार्ग स्थित एक मिष्ठान भंडार में घटतौली की शिकायत सामने आई। इस पर उपजिलाधिकारी ने बाट-माप निरीक्षक को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं, लालबत्ती चौक के समीप स्थित एक मिठाई की दुकान में तराजू का निर्धारित समय पर नवीनीकरण नहीं कराए जाने का मामला सामने आया। इस पर संबंधित प्रतिष्ठान को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा एक अन्य प्रतिष्ठान में श्रमिकों से पूछताछ के दौरान उनसे 12-12 घंटे काम कराने और नियमानुसार वेतन नहीं दिए जाने की शिकायत मिली। इस पर श्रम विभाग को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने तीनों प्रतिष्ठानों से बर्फी, लड्डू सहित विभिन्न मिठाइयों के नमूने लिए। इन नमूनों को जांच के लिए भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट के आधार पर खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण दल में अभिहित अधिकारी खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन पीसी जोशी, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी संदीप मिश्रा और बाट-माप निरीक्षक उमेश नेगी मौजूद रहे।