दीपावली पर उत्तरकाशी के मुख्य बाजार में व्यवस्था रहेगी चाक-चौबंध

उत्तरकाशी। दीपावली को देखते हुए पुलिस ने बाजार में यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां शुरू कर दी है। दीपावली के दौरान प्रतिदिन शाम 4 से रात 8 बजे तक मुख्य बाजार में सभी वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। इस दौरान लोडर और चारपहिया वाहनों को बाजार में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
इसी संबंध में सोमवार को कोतवाली उत्तरकाशी में व्यापार मंडल के पदाधिकारियों और व्यापारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता क्षेत्राधिकारी जनक सिंह पंवार ने की। बैठक में निर्णय लिया गया कि दीपावली के दौरान प्रतिदिन शाम 4 से रात 8 बजे तक मुख्य बाजार में सभी वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रतिबंधित समय में दोपहिया वाहन केदारघाट पार्किंग और रामलीला मैदान में खड़े किए जाएंगे ताकि बाजार में खरीदारी करने आने वाले लोगों को परेशानी न हो। बैठक में दुकानदारों को अपनी दुकानों के बाहर सामान न रखने और बाजार में अतिक्रमण न करने के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा रामलीला मैदान में नगर पालिका की ओर से लगाए जा रहे पटाखों के स्टॉल पर अग्नि सुरक्षा सहित सभी जरूरी नियमों का पालन करने को कहा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *