डीएम ने किया जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण

Spread the love

चमोली। कोरोना संक्रमण के नियंत्रण एवं तीसरी लहर की आशंका के मद्देनजर तैयारियों का जायजा लेने के लिये जिलाधिकारी हिमांशु खुराना ने बुधवार को जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने कोरोना मरीजों के बेड एवं अन्य आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए एक्शन प्लान तैयार करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने अस्पताल में आईसीयू, पैथोलॉजी एवं रेडियोलॉजी लैब, प्रसूति कक्ष, कोविड वार्ड, आपातकालीन केन्द्र, मेडिकल स्टाक रूम, ओपीडी, आयुष्मान भारत काउंटर, जन औषधि केन्द्र सहित समस्त वार्डों का भौतिक निरीक्षण कर भर्ती मरीजों से स्वास्थ्य और मिल रही सुविधाओं का हालचाल भी पूछा। जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को निर्देशित किया कि जिन संस्थाओं से अभी तक वेंटीलेटर, कम्प्रेशर मशीन एवं अन्य उपकरण प्राप्त नहीं हुए है उनसे तत्काल समन्वय स्थापित करते हुए जल्द से जल्द आवश्यक उपकरणों को लेना सुनिश्चित करें। साथ ही जो उपकरण अस्पताल को मिल चुके हैं उनको रेग्यूलर उपयोग में लाया जाए। सीएमएस जीएस राणा ने बताया कि जिला अस्पताल के एसएनसीयू में 10 बेड तैयार किए गए हैं। इसके अलावा 6 बेड आईसीयू के बनाए गए हैं। डीएम ने अस्पताल में 500 एलपीएम क्षमता का ऑक्सीजन प्लांट स्थापना कार्यों का निरीक्षण करते हुए जल्द से जल्द प्लांट स्थापित कराने के निर्देश दिए। इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. केके अग्रवाल, एसीएमओ डा. एमएस खाती, हड्डी रोग विशेषज्ञ डा. जीएस चुफाल आदि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *