भीषण गर्मी में बढ़ी एसी और कूलर की डिमांड

Spread the love

गत वर्ष की मुकाबले इस वर्ष बढ़े एसी व कूलर के दाम
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : भीषण गर्मी आमजन को परेशान कर रही है। ऐसे में लोग गर्मी से निजात के लिए घरों में एसी व कूलर लगा रहे हैं। यही कारण है कि इन दिनों बाजार में कूलर व एसी की डिमांड तेजी से बढ़ गई है। गत वर्ष के मुकाबले इस वर्ष इस डिमांड में चालीस प्रतिशत ग्रोथ देखने को मिली है। लगातार बढ़ रही डिमांड को देखते हुए कई व्यापारियों ने एसी व कूलर के दाम तक बढ़ा दिए हैं।
कोटद्वार में लगातार गर्मी का प्रकोप बढ़ रहा है। भीषण गर्मी व तेज धूप के कारण आमजन का घरों से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया है। ऐसे में गर्मी से निजात के लिए लोग घरों में एसी व कूलर लगवा रहे हैं। पिछले दस दिन के भीतर शहर में सबसे अधिक एसी व कूलर बिके हैं। यह डिमांड लगातार बढ़ती जा रही है। यही नहीं डिमांड ज्यादा होने से स्टाक कम पड़ गया है, जिससे लोगों को एक-एक सप्ताह तक इंतजार करना पड़ रहा है। कूलर तो फिर भी मिल जा रहे हैं। लेकिन,बेहतर कंपनी व क्वालिटी की एसी आर्डर बुक करने पर ही उपलब्ध हो रही है। भारी गर्मी के चलते एसी व कूलर के दाम बढ़ गए हैं। मजबूरन में कई लोग बढ़े हुए दामों में ही खरीदारी कर रहे है। व्यापरियों का कहना है कि इन वर्ष गत वर्ष के मुकाबले कूलर व एसी के दामों में दस से बीस प्रतिशत तक बढ़ोत्तरी हुई है। कंपनी को आर्डर देने के बाद भी समय से सामान नहीं पहुंच पा रहा है। बाजार में अलग-अलग कंपनी के कूलर आठ हजार से बीस हजार रुपये तक उपलब्ध है। जबकि, एसी भी 40 से 70 हजार रुपये तक उपलब्ध हैं।

बढ़ती गर्मी के साथ बिकने लगे बच्चों के बाथ टब
क्षेत्र में बढ़ती गर्मी और तेज धूप के बीच बच्चों के लिए राहत का साधन बन रहे बच्चों के बाथ टब भी खूब बिक रहे हैं। दुकानों में बच्चों के लिए विभिन्न प्रकार के टब रखे हुए हैं। तेज गर्मी के चलते अभिभावक भी बच्चों के लिए इन्हें खरीदने में रुचि दिखा रहे हैं। बच्चों के बाथ टब कई साइज और विभिन्न डिजाइनों में उपलब्ध हैं। इनका मूल्य आठ सौ रुपये से लेकर दो हजार रुपये तक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *