जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : शहर में सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हुड़दंग मचाने वालों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में गुरुवार रात पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच युवकों को हिरासत में लिया।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप नेगी ने बताया कि पुलिस द्वारा ऑपरेशन प्रहार के तहत विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत सार्वजनिक स्थलों पर शराब का सेवन कर कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि गुरुवार रात पुलिस टीम ने झंडाचौक, नजीबाबाद रोड, स्टेशन रोड समेत विभिन्न स्थानों पर चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हुड़दंग मचा रहे पांच युवकों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने सभी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उन्हें हिरासत में लिया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि शहर में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे। साथ ही लोगों से सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन न करने और कानून का पालन करने की अपील की गई है।