जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए खोह नदी में नहाने पहुंच रहे लोगों के लिए यह शौक कभी भी खतरे का कारण बन सकता है। गुरुवार को सिद्धबली क्षेत्र के समीप खोह नदी में नहा रहे लोगों को उस समय जान बचाकर भागना पड़ा, जब एक हाथी अपने शावक के साथ अचानक नदी किनारे पहुंच गया।
जानकारी के अनुसार, कोटद्वार-दुगड्डा मार्ग के बीच बहने वाली खोह नदी का अधिकांश हिस्सा जंगल से सटा हुआ है। गर्मी बढ़ने के साथ ही जंगली हाथी पानी की तलाश में जंगल से निकलकर नदी तक पहुंच रहे हैं। गुरुवार को भी कुछ पर्यटक और स्थानीय लोग नदी में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान झाड़ियों से निकलकर एक हाथी और उसका शावक नदी किनारे आ गए। हाथी को देखते ही वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और कई लोग अपने कपड़े व सामान छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर भाग निकले। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं पहले भी कई बार सामने आ चुकी हैं। इसके बावजूद लोग सावधानी बरते बिना नदी में पहुंच रहे हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
हाथियों से दूरी बनाएं रखने की अपील
वन्यजीव विशेषज्ञों और स्थानीय प्रशासन ने लोगों से हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाएं रखने की अपील की है। इन दिनों हाथियों के झुंड पानी की तलाश में जंगल से निकलकर खोह नदी तक पहुंच रहे हैं। कई बार लोग उत्साह में हाथियों के नजदीक जाकर फोटो और वीडियो बनाने लगते हैं या फिर वाहन के हॉर्न बजाकर उनका ध्यान आकर्षित करते हैं। इससे हाथी आक्रामक हो सकते हैं और हमला भी कर सकते हैं। प्रशासन ने पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों से खोह नदी तथा जंगल से सटे क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने और वन्यजीवों से पर्याप्त दूरी बनाए रखने की सलाह दी।