श्रीनगर गढ़वाल : आम आदमी पार्टी उत्तराखंड के प्रदेश सह-सचिव समीर रतूड़ी ने बदरीनाथ मंदिर में चढ़ावे में कथित हेराफेरी के मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। कहा कि पूरे प्रकरण की जांच किसी सेवानिवृत्त न्यायाधीश की निगरानी में होनी चाहिए। यहां जारी एक विज्ञप्ति में रतूड़ी ने आरोप लगाया कि मंदिर में चढ़ावे से जुड़े मामले ने भाजपा सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। अयोध्या में कथित चंदा चोरी के मामले की तरह अब उत्तराखंड भी ऐसे आरोपों से अछूता नहीं रहा है। रतूड़ी ने कहा कि बदरीनाथ मंदिर में वित्तीय अनियमितताओं के आरोप पहले भी सामने आ चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि क्यूआर कोड के माध्यम से प्राप्त चंदे के लाभार्थी खाते की भी जांच होनी चाहिए। साथ ही पूर्व में हुई नियुक्तियों में भी पारदर्शिता नहीं बरती गई। पार्टी ने बीकेटीसी के अध्यक्ष से नैतिक आधार पर इस्तीफा देने की मांग की। (एजेंसी)