वरिष्ठ नागरिक संगठन ने पेंशन विसंगतियां दूर करने और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने पर दिया जोर
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : वरिष्ठ नागरिक संगठन की बैठक में कोटद्वार और श्रीनगर में केंद्रीय सरकार स्वास्थ्य योजना (सीजीएचएस) की डिस्पेंसरी खोलने की मांग उठाई गई। संगठन ने शासन-प्रशासन से वरिष्ठ नागरिकों और पेंशनर्स के हित में लंबित समस्याओं का समाधान करने के साथ ही स्वास्थ्य एवं अन्य कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने की मांग की।

कार्यक्रम का शुभारंभ संगठन के अध्यक्ष बीएस नेगी ने किया। उन्होंने कहा कि सीजीएचएस से संबंधित दिक्कतों और पेंशन विसंगतियों के कारण वरिष्ठ नागरिकों एवं पेंशनर्स को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कोटद्वार और श्रीनगर में सीजीएचएस डिस्पेंसरी खोलने की मांग की, ताकि क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिकों को उपचार के लिए दूर न जाना पड़े। संगठन के महासचिव रविंद्र दत्त सेमवाल ने कहा कि पेंशनर्स को समय पर पेंशन और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलना उनका अधिकार है। उन्होंने शासन-प्रशासन से इस दिशा में प्रभावी कदम उठाने की मांग की। संगठन के संयोजक डा. स्वामी एस. चंद्रा ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों को सामाजिक सम्मान के साथ सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि वरिष्ठजनों की समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों को संवेदनशीलता के साथ कार्य करना चाहिए। कोषाध्यक्ष एके बहुखंडी ने संगठन को और मजबूत बनाने तथा कोटद्वार में हेल्प डेस्क स्थापित करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि हेल्प डेस्क के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों और पेंशनर्स को विभिन्न योजनाओं एवं सुविधाओं की जानकारी उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। बैठक में पीएल खंतवाल, रिपुदमन बिष्ट, राजेंद्र बिष्ट, जयवीर सिंह रावत, महेंद्र अग्रवाल, प्रकाश कोठारी और रमेश चंद्र खंतवाल सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।