देहरादून () । हरिद्वार जिले से भाजपा के पूर्व विधायक के खिलाफ दून में सुराज सेवा दल ने प्रदर्शन किया और उनसे एक आईपीएस अधिकारी के खिलाफ टिप्पणी के मामले में माफी मांगने की मांग उठाई। ऐसा न होने पर आंदोलन की बात कही। गुरुवार को दल के प्रदेश अध्यक्ष रमेश जोशी के नेतृत्व में गांधी पार्क से लैंसडाउन चौक तक मार्च निकाला। प्रदर्शनकारियों ने पूर्व विधायक पर आरोप लगाया कि शराब तस्करी के खिलाफ हरिद्वार में एक आईपीएस अधिकारी ने कार्रवाई की थी, जिसके बाद पूर्व विधायक ने एक सरकारी कार्यक्रम के दौरान संबंधित अधिकारी से अभद्र और दबावपूर्ण भाषा में बातचीत की और कथित रूप से उन्हें धमकाने की कोशिश की।
कहा कि अधिकारियों का अपमान, कानून-व्यवस्था को चुनौती बर्दाश्त नहीं होगी। इससे अफसरों का मनोबल गिरता है। कहा कि इस तरह के कई मामले हरिद्वार में आ चुके हैं। कहा कि पूर्व विधायक सार्वजनिक रूप से माफी मांगे। नशा तस्करी पर सरकार से सख्त कदम उठाने की मांग उठाई। अधिकारियों की सुरक्षा व सम्मान का कठोर प्रावधान हो। इस दौरान देवेंद्र बिष्ट, कमल धामी, विजेंद्र, अजय मौर्या, विपिन सिंह, हिमांशु धामी, राजेश थापा, मेहरबान, कुर्बान, मोनू, कावेरी जोशी, पूजा बिष्ट, पूजा नेगी, संगीता, निधि, यश, राज शर्मा, गीता तोमर आदि मौजूद रहे।