कांजी हाउस में शिफ्ट हो निराश्रित गोवंश

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी: विश्व हिंदू परिषद गो सेवा प्रमुख ने शहर में घूम रहे निराश्रित गोवंश को नगरपालिका द्वारा बनाए गए कांजी हाउस में रखने की मांग उठाई है। गो सेवा प्रमुख ने कहा कि अगर नगरपालिका निराश्रित गोवंशों की उचित व्यवस्था नहीं कर पा रही है तो उनकी संस्था को अधिक से अधिक चारागाह की भूमि की व्यवस्था की जाए। जिससे वह निराश्रित गोवंश की सेवा कर सके।
विश्व हिंदू परिषद गो सेवा प्रमुख उत्तम सिंह नेगी ने डीएम पौड़ी से मुलाकात की। इस दौरान गो सेवा प्रमुख ने डीएम को बताया कि पौड़ी नगरपालिका द्वारा शहर में कांजी हाउस का निर्माण करवाया गया है लेकिन अभी तक नगरपालिका द्वारा शहर में घूम रहे निराश्रित गोवंशों को कांजी हाउस में नहीं रखा गया है। जिससे बाजारों में घूम रहे निराश्रित गोवंशो के चलते यातायात बाधित होने से अव्यवस्था फैली रहती है। उन्होंने कहा कि हमारी संस्था श्रीराधाकृष्ण बद्री गो संवर्धन एवं ग्राम्य विकास संस्थान पिछले 13 सालों से निस्वार्थ भाव से निराश्रित गोवंशो की सेवा कर रहा है लेकिन संस्था के पास उचित भूमि व चारागाह नहीं होने के चलते अधिक गोवंशो का पालन नहीं कर पा रहे है। उन्होंने डीएम से पौड़ी शहर में घूम रहे निराश्रित गो वंश को तत्काल नगरपालिका द्वारा निर्मित कांजी हाउस में रखने या निराश्रित गोवंशो की सेवा करने के लिए उनकी संस्था को चारे व अधिक से अधिक चारागाह वाली भूमि की व्यवस्था करने की मांग उठाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *