श्रीकोट गांव की बदहाल सड़क से ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ीं

Spread the love

उत्तरकाशी()। विकासखंड के ग्राम सभा श्रीकोट को पुरोला-मोरी मुख्य मोटर मार्ग से जोड़ने वाली सड़क बदहाल पड़ी है। महज तीन किलोमीटर की यह सड़क डेढ़ दशक पहले बनी थी। इसकी खराब हालत के कारण ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे, ऊबड़-खाबड़ रास्ते और कीचड़ है। तीन किलोमीटर की दूरी तय करने में लोगों को लगभग एक घंटा लग जाता है। बरसात के दिनों में हालात और भी बदतर हो जाते हैं। सड़क पर अब तक डामरीकरण और नालियों का निर्माण नहीं हो पाया है। ग्रामीणों को दैनिक आवाजाही में भी कठिनाई होती है। यह समस्या पिछले कई वर्षों से बनी हुई है। ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से जल्द सड़क की मरम्मत और डामरीकरण कराने की मांग की है। सामाजिक कार्यकर्ता दिनेश खत्री ने बताया कि गांव में करीब 55 परिवार निवास करते हैं। अधिकांश ग्रामीण नकदी और बेमौसमी सब्जी फसलों की खेती पर निर्भर हैं। सड़क खराब होने से किसान अपनी उपज बाजार तक समय पर नहीं पहुंचा पाते हैं जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान हो रहा है। स्वास्थ्य सेवाओं पर भी असर पड़ता है जहां बीमार या गर्भवती महिलाओं को अस्पताल ले जाने में भारी दिक्कतें आती हैं और मरीजों को चारपाई या निजी साधनों से मुख्य सड़क तक पहुंचाना पड़ता है।
सहायक अभियंता पीएमजीएसवाई सुभाष दोरियाल ने बताया कि श्रीकोट सड़क के चार किलोमीटर डामरीकरण के लिए शासन से तीन करोड़ 75 लाख रुपये स्वीकृत हो चुके हैं। वर्तमान में कार्य निविदा प्रक्रिया में है। जल्द ही मरम्मत एवं डामरीकरण कार्य शुरू किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *