कोटद्वार-पौड़ी

सड़क पर बह रहा गंदा पानी, संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : नगर निगम बनने के बाद जनता को बेहतर विकास की उम्मीद थी। लेकिन, नगर निगम शहर में गंदे पानी की निकासी के लिए भी बेहतर व्यवस्था नहीं बना पा रहा है। हालत यह है कि राष्ट्रीय राजमार्ग के साथ ही अन्य मुख्य मार्गों के किनारे नालियां गायब हो चुकी हैं। ऐसे में घरों व प्रतिष्ठानों का गंदा पानी सड़क पर बह रहा है। जिससे लोगों को संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा बना हुआ है।
शहर में शायद ही कोई ऐसा वार्ड या सड़क हो जहां आपको सड़क पर बहता हुआ गंदा पानी न दिखाई दें। कहीं नालियां टूटी हुई हैं तो कहीं इनका अस्तित्व ही समाप्त हो चुका है। घर व प्रतिष्ठानों से आने वाले गंदे पानी की बेहतर निकासी नहीं होने से गंदगी सड़क पर बहती रहती है। ऐसे में राहगिरों का पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। शहरवासी राजीव कुमार, अर्पित सिंह ने बताया कि गंदगी से उठ रही दुर्गंध के कारण व्यापारियों का अपने प्रतिष्ठानों में बैठना भी मुश्किल हो जाता है। सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों व बुजुर्गों को होती है। कई स्थानों पर नालियां मिट्टी में दबने से गायब हो चुकी हैं। लेकिन, निगम ने इनके सफाई की भी सुध नहीं ली।

वर्षाकाल में बढ़ेगी समस्या
नगर निगम की यह लापरवाही वर्षाकाल में शहरवासियों पर भारी पड़ सकती है। बारिश के पानी की निकासी नहीं होने से जगह-जगह जलभराव की स्थिति देखने को मिल सकती है। वहीं, कई स्थानों पर नालियां गंदगी से पटी हुई हैं। शिकायत के बाद भी नगर निगम इनके सफाई की भी सुध नहीं ले रहा। जबकि, वर्षाकाल में जलभराव शहरवासियों के लिए मुसीबत बनता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!