कोटद्वार-पौड़ी

क्षेत्र में हर्षोल्लास के साथ मनाई दीपावली

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

रंग-बिरंगी लड़ियों से सजे भवन, फूटे पटाखें
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : कोटद्वार व आसपास के क्षेत्र में दीपावली का पर्व धूमधाम के साथ मनाया गया। लोगों ने दीये जलाए और रंग-बिरंगी लड़ियों से घरों को सजाया। महिलाओं ने रंगोली सजाई, वहीं बच्चों ने आतिशबाजी कर दीपावली की खुशी मनाई। त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से निपटने से पुलिस और प्रशासन ने भी राहत की सांस ली।
रविवार रात अधिकांश घरों में दीपावली का पूजन किया गया। रात के समय भवन रंग-बिरंगी लड़ियों से जगमगा उठे। दीपावली में पटाखों के खतरे को लेकर प्रशासन पहले से ही अलर्ट रहा। पटाखों के खतरे को देखते हुए प्रशासन ने शहर से बाहर पटाखों की दुकानों को लगाने की व्यवस्था की थी। पुलिस ने शहर में भीड़ कम करने के लिए नया ट्रैफिक प्लान भी लागू किया था। भारी वाहनों का नगर में प्रवेश वर्जित रहा, जिससे शहर में यातायात व्यवस्था ठीक रही। देर शाम तक पटाखे खरीदने के लिए लोगों की भी भीड़ उमंड़ी हुई थी। झंडाचौक से लेकर भाबर तक फायर बिग्रेड भी अलर्ट मोड पर रहा। दीपावली को शाम सात बजे से देर रात तक पटाखे छूटते रहे।
पटाखे जलाने से झुलसे
दीपावली के दिन पटाखे जलाने के दौरान कुछ लोग मामूली रूप से झुलस भी गए थे। देर रात तक राजकीय बेस अस्पताल में झुलसे हुए लोग पहुंच रहे थे। सभी को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। दीपावली को देखते हुए बेस अस्पताल के आपातकालीन कक्ष में भी चिकित्सकों की विशेष टीमें तैनात की गई थी।

इलेक्ट्रॉनिक शोरूम में लगी आग
दीपावली की रात बेलाडाट स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक शोरूम में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। जिससे शोरूम में रखा लाखों का सामान जलकर खाक हो गया। मौके पर पहुंची दमकल की टीम ने आग पर काबू पाया। अग्निशमन अधिकारी इशम सिंह ने बताया कि बेलाडाट स्थित सुमित इलेक्ट्रिकल्स में आग की सूचना मिलते ही दमकल टीम को मौके पर भेजा गया था। कड़ी मशक्कत के बाद आग बुझा दी गई थी। वहीं, शोरूम स्वामी का कहना है कि रात करीब दस बजे वह दुकान बंद करने के बाद चले गए थे। कुछ देर बाद उन्हें सूचना मिली कि शोरूम से आग की लपटे निकल रही है। आग लगने से उनके शोरूम में रखा करीब बीस लाख रुपये का सामान खाक हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!