कोटद्वार-पौड़ी

डीएम ने समखाल-मेंदोली-परिंदा-पोंठा-डेरियाखाल मार्ग का निर्माण जल्द करने को कहा

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

जयन्त प्रतिनिधि।
लैंसडौन। जिलाधिकारी गढ़वाल डॉ. विजय कुमार जोगदण्डे ने रविवार को समखाल-मेंदोली-परिंदा-पोंठा-डेरियाखाल नव निर्माणाधीन मोटर मार्ग व वाह्य न्यायालय लैंसडौन में कर्मचारियों के लिए बनाए जाने हेतु टाइप-2 भवन के लिए चयनित भूमि का स्थलीय निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने मौके पर उपस्थित अधिकारी को निर्देश देते हुए कहा कि मार्ग के निर्माण कार्य में तेजी लाते हुए कार्य को शीघ्र पूर्ण करें। सड़क के भूस्खलन वाले स्थल पर शीघ्र सुरक्षात्मक कार्य करने को कहा। जिससे आम जनमानस को उसका लाभ समय पर मिल सकेगा।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारी से मोटर मार्ग की जानकारी ली। जिस पर संबंधित अधिकारी ने बताया कि उक्त मोटर मार्ग की लंबाई 2.900 किमी. तथा 155.19 लाख से मोटर मार्ग का निर्माण कार्य किया जाना है। वर्तमान में मोटर मार्ग का पहाड़ कटान एवं स्कपर का निर्माण कार्य प्रगति पर है। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारी को बेहतर गुणवत्ता के साथ निर्माण कार्य को दिसम्बर माह तक पूरा करने के निर्देश दिये। जिलाधिकारी डॉ. जोगदण्डे ने लैंसडौन का स्थलीय भ्रमण के दौरान समखाल-परिंदा-पोंठा-डेरियाखाल मोटर मार्ग का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारी से मार्ग की चौड़ाई एवं मार्ग पर बनाए जा रहे स्कपर की जानकारी ली। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारी को निर्देशित किया कि मोटर मार्ग के जिस स्थान पर ज्यादा क्षतिग्रस्त हुआ है पहले उस स्थान को रोकथाम हेतु जल्द कार्य करना सुनिश्चित करें। जिससे बारिश होने से कम खतरा बना रहेगा। उन्होंने निर्देशित किया कि मार्ग में बनाए जाने हेतु 18 स्कपरों का निर्माण कार्य भी जल्द पूर्ण करें। आम जनमानस की सुविधा को देखते हुए मार्ग का कार्य जल्द पूर्ण करना सुनिश्चित करें।


मोटर मार्ग के निरीक्षण के उपरांत जिलाधिकारी ने वाहय न्यायालय लैंसडौन में कर्मचारियों के लिए आवास बनाये जाने हेतु चयनित भूमि का स्थलीय निरीक्षण भी किया। जिलाधिकारी ने पहुंच मार्ग बनाने के भी निर्देश दिये। इस दौरान लोनिवि के अधिकारी ने अवगत कराया कि चयनित स्थल का भूगर्भीय सर्वेक्षण भी किया गया है। आवास हेतु चयनित स्थल से नीचे वाले खेत तक 4 मीटर चौड़े मोटर मार्ग का निर्माण किए जाने हेतु संस्तुति की गई है। जिसमें लगभग 10 लाख तक का अतिरिक्त व्यय आएगा। जिस पर जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि जल्द कार्य प्रारंभ कराना सुनिश्चित करें।

लैंसडौन में बनेगा डॉप्लर वेदर रडार स्टेशन
जिलाधिकारी गढ़वाल डॉ. विजय कुमार जोगदण्डे ने लैंसडौन के अंतर्गत मौसम की सटीक जानकारी हेतु बनाया जा रहा डॉप्लर वेदर रडार स्टेशन भूमि का निरीक्षण किया। जिसमें स्थल विकास, दो कक्ष, किचन व शौचालय का निर्माण कार्य शामिल है। जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता प्रांतीय खंड लैंसडौन को निर्देशित किया कि डॉप्लर वेदर रडार स्टेशन का कार्य शीघ्र प्रारंभ करना सुनिश्चित करें। जिससे आम जनमानस को मौसम की सटीक जानकारी प्राप्त हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!