डीएम ने एसआईआर कार्यों की समीक्षा की, समयबद्ध डिजिटाइजेशन के दिए निर्देश

Spread the love

उत्कृष्ट कार्य के लिए बीएलओ हरीश नैणवाल की जिलाधिकारी ने की सराहना
जयन्त प्रतिनिधि।
चमोली : जिलाधिकारी गौरव कुमार ने शुक्रवार को जिला निर्वाचन कार्यालय का निरीक्षण कर विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने निर्वाचन से जुड़े अधिकारियों के साथ समीक्षा करते हुए सभी बीएलओ को निर्धारित समयसीमा के भीतर पात्र मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित करने, भरे हुए प्रपत्रों को वापस प्राप्त करने तथा उनका डिजिटाइजेशन कार्य भी ससमय पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने सभी बीएलओ एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को निर्देशित किया कि गणना प्रपत्र वितरण, संग्रहण तथा डिजिटाइजेशन की प्रगति की सूचना प्रतिदिन सायंकाल तक कंट्रोल रूम एवं जिला निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने में जनसहभागिता की महत्वपूर्ण भूमिका है और इसके लिए आमजन से भी सक्रिय सहयोग का आह्वान किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने डिजिटाइजेशन कार्य को समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि गणना प्रपत्रों के वितरण के साथ-साथ उनका डिजिटल रिकॉर्ड तैयार करना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि डिजिटाइजेशन कार्य में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए और निर्धारित अवधि के भीतर सभी कार्य पूर्ण किए जाएं। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कर्णप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या-38, राजकीय प्राथमिक विद्यालय कोली के बीएलओ हरीश नैणवाल द्वारा किए गए उत्कृष्ट कार्य की सराहना की। उन्होंने कहा कि श्री नैणवाल ने न केवल सभी गणना प्रपत्रों का शत-प्रतिशत वितरण किया, बल्कि सभी ईएफ का संग्रहण कर रिकॉर्ड समय मात्र पांच दिनों में उनका डिजिटाइजेशन भी पूर्ण कर लिया, जो अन्य बीएलओ के लिए प्रेरणादायी उदाहरण है। इस दौरान सहायक निर्वाचन अधिकारी धीरेन्द्र चंद्र सती सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी व कर्मिक उपस्थित रहे।

2,95,356 गणना प्रपत्रों का किया गया वितरण
समीक्षा के दौरान बताया गया कि जनपद के कुल 592 बीएलओ द्वारा 2,95,623 निर्वाचकों में से 2,95,356 गणना प्रपत्रों का वितरण किया जा चुका है, जो 99.91 प्रतिशत की उल्लेखनीय उपलब्धि है। जिलाधिकारी ने इस प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए शेष कार्य भी शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। सहायक निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 07 जुलाई तक बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन एवं गणना प्रपत्र भरने का कार्य करेंगे। मतदान केन्द्रों का युक्तिकरण भी 07 जुलाई तक किया जाएगा। मतदाता सूची के प्रारूप का प्रकाशन 14 जुलाई को किया जाएगा। इसके उपरांत 14 जुलाई से 13 अगस्त तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी तथा 14 जुलाई से 11 सितंबर तक उनका चरणबद्ध निस्तारण किया जाएगा। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 15 सितंबर को किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *